जबलपुर में बिजली की हाईटेंशन लाइन से जिंदा जला युवक
MP News : जबलपुर। यहां बंदरों को भगाने के चक्कर में एक युवक जिंदा जल गया। जैसे ही उसने बंदरों को भगाने के लिए लोहे की रॉड ऊपर उठाई, बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इससे बहुत तेज का धमाका हुआ और युवक जलने लगा। कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। यह हादसा गोकलपुर की तीन मंजिला इमारत में हुआ। यहां शिव प्रकार पटेल का लोअर बनाने का कारखाना चलता है। काजरवारा निवासी संजय वहीं काम करता था। वह रविवार रात में किसी काम से छत पर गया था।
मकान के छत के नजदीक ही हाइटेंशन लाइन गुजरती है। उसी समय उसे वहां बंदर दिखा। संजय ने बंदरों को भगाने के लिए लोहे की रॉड उठाई। रॉड पास से ही गुजर रही हाईटेंशन तार से टकरा गई। इससे संजय करंट की चपेट में आ गया। सेकेंडों में उसका शरीर जलने लगा। धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर रांझी सीएसपी सतीश साहु और थाना के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग को घटना की जानकारी दी गई। लाइन बंद होने के बाद संजय को नीचे उतारा गया।
मृतक के परिजन को देर रात सूचना दी गई
हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने हाईटेंशन लाइन तार की स्थिति का निरिक्षण किया। उधर, सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी गई है। मृतक के परिजन को देर रात सूचना दी गई। मेडिकल कालेज में संजय का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बिजली विभाग के अधिकारी ने कहा कि हाईटेंशन लाइन के इतने करीब यह बिल्डिंग कैसे बनाई गई, इसकी जांच होगी।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/s-jaishankar-said-at-the-sco-summit-that-the-world-should-show-zero-tolerance/98042