उत्तर प्रदेश में गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के

आम आदमी पार्टी यूपी में निकालेगी 'वोट बचाओ संविधान बचाओ' पदयात्रा

Aam Aadmi Party to organise Save Vote, Save Constitution march in UP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तीन करोड़ से ज्यादा वोट काटने की तैयारी चल रही है। यह सिर्फ वोट नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है। आम आदमी पार्टी वोट चोरी के खिलाफ 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक रामपुर से अमरोहा तक "वोट बचाओ संविधान बचाओ पदयात्रा" निकालेगी। ये बातें पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को एक बयान जारी कही है।

संजय सिंह ने कहा तीन करोड़ से ज्यादा वोट काटने की चल रही तैयारी

सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से ज्यादा वोट काटने की तैयारी चल रही है। यह सिर्फ वोट नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जब संविधान लिखा था, तब हर नागरिक को समान वोट का अधिकार दिया — राष्ट्रपति का वोट भी एक और गांव के मजदूर किसान का वोट भी एक। आज वही सबसे बड़ा अधिकार भाजपा सरकार द्वारा छीना जा रहा है। इसी अन्याय और वोट चोरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक रामपुर से अमरोहा तक "वोट बचाओ संविधान बचाओ पदयात्रा" निकाल रही है।

AAP नेता ने लोगों से की पदयात्रा में शामिल होने की अपील

सिंह ने कहा कि संविधान में दिया गया यह सबसे बड़ा मौलिक अधिकार आज जनता से छीना जा रहा है। भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि देश के भविष्य का सवाल है। "अगर आपका वोट ही नहीं रहेगा तो आपकी आवाज कौन सुनेगा?" उन्होंने कहा कि बाबा साहब, गांधी जी और देश के महापुरुषों के सपनों का भारत बचाने के लिए इस पदयात्रा में हर नागरिक को शामिल होना चाहिए।

रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा जिलों से होकर गुज़रेगी पदयात्रा

उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा जिलों से होकर गुज़रेगी और भारी जनसमर्थन के साथ निकलेगी। संजय सिंह ने कहा "मैं उन सभी साथियों से अपील करता हूं जो पहले सरयू से संगम तक "रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो" पदयात्रा में शामिल नहीं हो पाए थे, वे इस बार ज़रूर आएं।"

संजय सिंह ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में वोट का अधिकार छीनने की यह साजिश भाजपा की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। अब वक्त आ गया है कि जनता अपनी आवाज बुलंद करे और संविधान की रक्षा के लिए साथ चले।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/us-fed-rate-cut-halts-three-day-losing-streak-in-stock-market/100855

यूएस फेड रेट में कटौती से शेयर मार्केट में तीन दिनों की गिरावट पर लगा ब्रेक