अबॉर्शन के बाद महिला की मौत, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पॉली क्लीनिक सीज
सुलतानपुर {उत्तरप्रदेश}। कादीपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद सरैया बाजार में अबॉर्शन के बाद 27 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सीएमओ सुलतानपुर द्वारा गठित चिकित्सकों की टीम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित पॉली क्लीनिक को सीज कर दिया।
तीन माह की गर्भवती थी महिला
जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद सरैया बाजार निवासी गुड़िया निषाद (27) पत्नी बृजेश निषाद करीब तीन माह की गर्भवती थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व शांति उर्फ बुआ नामक महिला के माध्यम से संत तुलसीदास पीजी कॉलेज के सामने स्थित पॉली क्लीनिक में उसका गर्भपात कराया गया था। आरोप है कि शांति उर्फ बुआ अबॉर्शन और डिलीवरी का काम करती थी।
तबीयत बिगड़ने पर लखनऊ ले गए परिजन
बताया गया कि गर्भपात के बाद 8 अगस्त को गुड़िया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 10 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई।
दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने कादीपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 285/26 के तहत धारा 105, 319(2) बीएनएस एवं धारा 15(2) भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम में शांति उर्फ बुआ और भीम चरन के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।
पॉली क्लीनिक सीज, जांच जारी
सीएमओ सुलतानपुर द्वारा गठित चिकित्सकों की टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित पॉली क्लीनिक को सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। वहीं, मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: पति की मौत के सदमे में मां-बेटे ने खाया जहर, काशी दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आया था परिवार