कटनी में उद्योगपति पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, रिवॉल्वर से फायर की कोशिश का है आरोप
कटनी (मध्य प्रदेश)। कटनी जिले में जमीन विवाद के दौरान उद्योगपति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास और बलवा के इस चर्चित केस में फरार चल रहे आदतन बदमाश आरमान उर्फ निशु द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर प्लॉट विवाद के दौरान उद्योगपति के भाई पर रिवॉल्वर तानकर फायर करने की कोशिश का आरोप है, हालांकि हथियार मिसफायर हो गया था। इस मामले में अब तक पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
प्लॉट की बाउंड्रीवाल तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद
दरअसल, 5 जुलाई को पन्ना मोड़ निवासी उद्योगपति मुकेश कुमार गुप्ता ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि काली माता मंदिर के सामने स्थित उनके स्वामित्व वाले प्लॉट की बाउंड्रीवाल कुछ लोग जेसीबी से तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुकेश गुप्ता, उनके भाई और चालक पर लाठी-डंडों व अन्य घातक हथियारों से हमला कर दिया।
रिवॉल्वर से फायर करने का किया था प्रयास
आरोप है कि इसी दौरान आरमान उर्फ निशु द्विवेदी ने उद्योगपति के भाई पर रिवॉल्वर तानकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन मिसफायर हो गई। इसके बाद आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पकड़ा आरोपी
घटना के बाद माधवनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के निर्देशन में तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार चल रहे आदतन अपराधी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कटनी पुलिस ने आमजन से आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़े: झालावाड़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार