शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर छोड़ा
फतेहपुर: फतेहपुर जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक युवती ने पड़ोसी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, सूरत ले जाकर तीन महीने तक साथ रखने और गर्भवती होने पर मारपीट कर छोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने उसका मजाक उड़ाया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया। न्याय न मिलने पर युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
शादी का भरोसा देकर सूरत ले जाने का आरोप
ग्राम गम्भरी निवासी युवती के अनुसार, मोहल्ले के रहने वाले प्रहलाद तिवारी ने पहले उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि युवक ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर शादी का भरोसा दिया। बाद में 13 जुलाई 2026 को शादी करने की बात कहकर उसे सूरत ले गया। युवती का आरोप है कि वहां तीन महीने तक उसे पत्नी की तरह रखा, लेकिन शादी की बात करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे गाजीपुर लाकर छोड़ दिया। पीड़िता ने खुद को गर्भवती बताते हुए न्याय की मांग की है।
पुलिस पर आरोपी से साठगांठ का आरोप
युवती का आरोप है कि पहली बार शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया और शादी करने की शर्त पर छोड़ दिया। बाद में आरोपी शादी से मुकर गया। दोबारा थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर कहा कि शादी नहीं करता तो हम क्या करें, हमसे पूछकर गई थीं क्या? पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी से साठगांठ कर उसे फिर छोड़ दिया।
पत्नी और बेटी की बरामदगी न होने की भी शिकायत
इसी थाना क्षेत्र के तकरार निवासी जानकी प्रसाद ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि 8 अक्टूबर को उनकी पत्नी बेटी और नकदी-जेवरात लेकर बिंदकी थाना क्षेत्र के उर्दौली निवासी नागेंद्र के साथ चली गई। पीड़ित का कहना है कि वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुका है, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय केवल गुमशुदगी दर्ज की। आज तक पत्नी और बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है।
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
दोनों मामलों को लेकर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इन आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें: पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, गोंडा में 15 मुकदमों वाला आरोपी अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार