खगड़िया के बेलदौर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस प

खगड़िया में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमला, मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली

Accused Shot In Leg After Attack On Police During Vehicle Check In Khagaria

खगड़िया (बिहार)। जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच झड़प हो गई। कुर्बन कचरा भवन के पास पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी तीन संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस द्वारा रोकने पर उन्होंने बहस शुरू कर दी और पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने लगे।

सरकारी पिस्टल और मोबाइल छीनकर भागने का प्रयास

हंगामा करते हुए अपराधियों ने पुलिसकर्मी एस आई राहुल कुमार की सरकारी पिस्टल और मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही बेलदौर थाना, एसडीपीओ गोगरी और डीआईयू की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस को देखते ही आरोपियों ने दोबारा हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन अपराधियों ने इसे अनसुना कर दिया। 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार (पिता- लालो सदा, साकिन- कुर्बन वार्ड नंबर 4) के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया है और उससे छीनी गई सरकारी पिस्टल व मोबाइल बरामद कर लिया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। 

फरार आरोपियों की तलाश जारी, घायल एसआई का उपचार जारी

हालांकि एस आई राहुल कुमार बुरी तरह घायल हैं। पुलिस मामले में अन्य दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर गोगरी के प्रभारी एसडीपीओ और साईबर डीएसपी निशांत गौरव, बेलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, एस आई रामजीवन सिंह यादव, एस आई अभिषेक कुमार सहित दर्जनों पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:    डूंगरपुर के वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर का विदेश यात्रा के दौरान निधन, चिकित्सा जगत में शोक