मासूम से कथित गलत हरकत मामले में दोषी पर हो कार्रवाईः स्कूल
डीडवाना-कुचामन ( राजस्थान)। जिले के परबतसर थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में नाबालिग छात्रा के साथ कथित गलत हरकत के मामले में विद्यालय प्रबंधन ने प्रेस बयान जारी कर अपना पक्ष रखा। प्रबंधन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं तथा विद्यालय प्रबंधन हर स्तर पर सहयोग कर रहा है। प्रबंधन ने कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति कानूनी रूप से दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई का पूरा समर्थन किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और डीवीआर पुलिस को सौंपे
प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और डीवीआर पुलिस को सौंप दिए गए हैं तथा इनमें किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। संस्था ने कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि जांच पूरी होने से पहले सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास न करें। विद्यालय प्रबंधन ने नाबालिग बच्ची और उसके परिवार की निजता व गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी कोई जानकारी या सामग्री साझा नहीं की जानी चाहिए, जिससे उनकी पहचान उजागर हो।
धर्मांतरण के आरोपों को बताया निराधार
प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर विद्यालय को लेकर लगाए जा रहे धर्मांतरण संबंधी आरोपों को भी निराधार बताया। प्रबंधन के अनुसार विद्यालय में सरकारी नियमों के अनुरूप शिक्षा दी जाती है और विभिन्न धर्मों के त्योहार भी मनाए जाते हैं। संस्था ने विद्यालय के वातावरण को सर्वधर्म सद्भाव वाला बताया।
आज से नियमित रूप से खुला विद्यालय
मामले के बाद प्रशासन के निर्देश पर विद्यालय में तीन दिन का अवकाश रखा गया था। आवश्यक पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसे देखते हुए स्टाफ द्वारा जांच में सहयोग की शर्त पर विद्यालय को आज से नियमित रूप से खोलने की अनुमति दी गई है।
CCTV फुटेज पुलिस के कब्जे में, एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
जांच अधिकारी एवं मकराना वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल ने बताया कि मामले से जुड़े साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है तथा एफएसएल रिपोर्ट अभी प्राप्त होना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।