गोंडा में महिला परिचालक की निजी फोटो और वीडियो सोश

गोंडा में महिला की निजी फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में कार्रवाई, मोबाइल बरामद

गोंडा में महिला की निजी फोटो-वीडियो की वायरल

गोंडा: सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में महिला परिचालक की निजी फोटो और वीडियो प्रसारित करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बहराइच डिपो में कार्यरत महिला परिचालक ने 23 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया कि मालवीय नगर निवासी अमन श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव ने 20 सितंबर को उनकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में शेयर कीं। 

रिश्तेदारों तक भेजे निजी फोटो-वीडियो

आरोप है कि ये तस्वीरें और वीडियो महिला के रिश्तेदारों, पति, भाई-बहनों, मकान मालिक और परिवहन विभाग से संबंधित ग्रुपों में भी प्रसारित किए गए। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला के इंचार्ज के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें नौकरी से हटवाने और ड्यूटी न मिलने देने की धमकी दी। इसके अलावा महिला को लगातार मैसेज भेजकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(3), 64(1) और आईटी एक्ट की धारा 66E में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अरविन्द यादव ने टीम के साथ मालवीय नगर स्थित आरोपी के घर पहुंचकर उसे बाहर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया वीवो Y28s 5G मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव, निवासी मालवीय नगर, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम भरह हरसिंगवा, थाना मनकापुर, जनपद गोंडा बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अरविन्द यादव, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार और कांस्टेबल बृजमोहन लोधी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

ये भी पढे़ं- मोतिहारी में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में पकड़ा गया शिक्षक, ग्रामीणों ने किया हंगामा