पीलीभीत में ड्यूटी पर गैरहाज़िर 56 ANM नर्सों पर कार्रवाई की तैयारी, CMO को भेजी रिपोर्ट
पीलीभीत: पूरनपुर की 56 ANM नर्स का एक दिन का वेतन काटने को लेकर सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है। ये सभी संविदा एएनएम हड़ताल खत्म होने के बाद भी केंद्रों से गैरहाजिर मिली थी, जिससे 56 केंद्रों पर टीकाकरण नहीं हो सका। अब विभाग इन नर्सों के खिलाफ सख्त हो गया है। वेतन काटने के साथ हीं एमओआईसी ने नर्सों का स्पष्टीकरण तलब किया है। अधिकारियों की इस कार्यवाही के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
बाल टीकाकरण प्रभावित
दरअसल, यह मामला पूरनपुर के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों का है। एएनएम संघ की प्रदेश व्यापी हड़ताल चल रही है जोकि 16 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से समाप्त हो गई थी। अधिकारियों द्वारा सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देश के बाद भी 17 अक्टूबर को क्षेत्र के 56 केंद्रों पर संविदा पर तैनात 56 एएनएमों ने लापरवाही दिखाई और अपने कार्यक्षेत्र केंद्रों पर नहीं पहुंची। केंद्रों पर एएनएम के न होने से शासन के उच्च प्राथमिकता वाले राष्ट्रीय बाल टीकाकरण कार्यक्रम के तहत केंद्रों पर टीकाकरण प्रभावित हो गया।
लापरवाही पर CMO को रिपोर्ट, स्पष्टीकरण तलब
इससे टीकाकरण के लिए पहुंचे कई लोगों को वापस भी लौटना पड़ा, जिसके बाद 56 संविदा एएनएम का प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज शर्मा ने स्पष्टीकरण तलब किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर सभी 56 एएनएम का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति सीएमओ को भेजी रिपोर्ट में की है। उन्होंने कहा कि काम के प्रति लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में फसल लोन माफी की मांग पर अड़े किसान, BJP ने गिरफ्तारी पर उठाए सवाल