सहारनपुर मंडल में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैया

सहारनपुर में जनगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

सहारनपुर में जनगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट

सहारनपुर: जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे, जबकि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस संबंध में मंडलायुक्त एवं मंडल जनगणना अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने बुधवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं और आजादी के बाद आठवीं जनगणना होगी। पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। सहारनपुर मंडल में कुल 15,152 और जनपद सहारनपुर में 6,889 प्रगणक एवं सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित की जाएगी।

पोर्टल पर भरने होंगे 40 सवाल

आमजन 16 से 30 नवंबर तक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद मिलने वाली SE ID सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के घर पहुंचने पर उसे उपलब्ध कराना होगा। स्वगणना वैकल्पिक है, जो परिवार ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनकी गणना प्रगणक घर पहुंचकर करेंगे। जनसंख्या गणना के लिए निर्धारित प्रश्नावली में कुल 40 सवाल होंगे। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, आयु, लिंग, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, प्रवासन, दिव्यांगता और बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी। 

जनगणना में दी गई जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय

बताया कि जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसे जनगणना अधिनियम 1948 के तहत कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने लोगों से सही जानकारी देने की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी बैंक पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी न दें। प्रथम चरण में मई-जून 2026 के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना पूरी की जा चुकी है। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य होगा। सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप चैटबॉट 18001801855 जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- 2027 यूपी चुनाव से पहले BSP की संगठनात्मक बैठक, मायावती करेंगी तैयारियों की समीक्षा