Muzaffarnagar : फीस जमा करने की मोहलत न मिलने पर छात्र ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर
UP News : मुजफ्फरनगर जिले के एक प्रतिष्ठित कालेज में फीस जमा करने की मोहलत नहीं मिलने से दुखी छात्र ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना से छात्रों में रोष व्याप्त है। जनपद मुजफ्फरनगर के प्रतिष्ठित DAV कॉलेज में शुक्रवार को एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कॉलेज के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्जवल ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया। इस सनसनीखेज घटना से कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गई।
जानकारी के अनुसार, उज्जवल पर ₹7,000 की फीस बकाया थी, जिसके लिए वह कॉलेज प्रशासन से कुछ दिनों की मोहलत मांग रहा था, लेकिन कॉलेज की ओर से उसे राहत नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले प्राचार्य प्रदीप सिंह ने उज्जवल को फीस के मुद्दे पर सबके सामने डांटा और थप्पड़ मारा, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हुआ।
गवाहों के मुताबिक, गत शुक्रवार सुबह उज्जवल कॉलेज पहुंचा और प्राचार्य कार्यालय के बाहर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया। कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों और कर्मचारियों ने मिलकर किसी तरह आग बुझाई और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में दिल्ली रेफर कर दिया।
जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में सैकड़ों छात्र जमा हो गए
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में सैकड़ों छात्र जमा हो गए और प्राचार्य प्रदीप सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की कठोर फीस नीति और तानाशाही रवैये के कारण ही उज्जवल ने यह खौफनाक कदम उठाया। छात्रों ने कहा कि उज्जवल एक संवेदनशील और होनहार छात्र था, लेकिन लगातार दबाव और अपमान ने उसे तोड़ दिया। “सिर्फ 7 हजार रुपये की फीस न भर पाने पर किसी छात्र के साथ ऐसा व्यवहार अमानवीय है,” एक छात्र ने कहा कि इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। अभिभावकों और छात्र संगठनों में भी गहरा आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोग कॉलेज प्रशासन की निंदा कर रहे हैं और उज्जवल के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल उज्जवल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। परिवारजन दिल्ली के अस्पताल में उसके इलाज के लिए मौजूद हैं। मुजफ्फरनगर के लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा और दुःख दोनों है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/cm-yogi-said-in-araria-that-those-who-created-an-identity-crisis-for-the/97041