17 अगस्त से 9 सितंबर तक होगी अग्निवीर भर्ती, सहारनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सहारनपुर: भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए सोमवार से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भर्ती रैली शुरू होगी। 17 अगस्त से 9 सितंबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली में 13 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। हजारों युवाओं के सहारनपुर पहुंचने को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ड्यूटी पर रहेंगे पुलिसकर्मी
भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
सहारनपुर में 1 सितंबर को अग्निवीर जीडी भर्ती
सहारनपुर जिले के अभ्यर्थियों की अग्निवीर सामान्य ड्यूटी की भर्ती एक सितंबर को होगी। इसमें बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान क्षेत्र के अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती में केवल ऑनलाइन शेयर प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही शामिल होने का अवसर मिलेगा। सेना भर्ती कार्यालय मेरठ की ओर से अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणी में भर्ती की जाएगी। रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी सहारनपुर पहुंचने लगे हैं।
अभ्यर्थियों ने सेना में भर्ती होकर देश सेवा का जताया सपना
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भर्ती की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। हापुड़ से पहुंचे अमन ने बताया कि वह फिलहाल ग्रेजुएशन कर रहे हैं। भारतीय सेना में जाने का सपना है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में चार साल की अवधि को लेकर कुछ असहमति है और उनका मानना है कि सेवा की अवधि लंबी होनी चाहिए। वहीं हापुड़ क्षेत्र के अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने 12वीं के साथ बीएसई और आईटीआई की पढ़ाई की है। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करना उनका सपना है और इसके लिए उन्होंने पूरी मेहनत की है।
ये भी पढ़ें- जमुई के जिला अस्पलातों में होंगे 36 तरह के ऑपरेशन, कहीं और रेफर करने पर डॉक्टर के खिलाफ होगी कार्रवाई