थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में नाले के ऊपर

आगरा के सुभाष बाजार में नाला ढहने से लापता बुजुर्ग महिला का शव 6 दिन बाद बरामद

Agra Drain Collapse: Missing Woman's Body Found After Six Days

आगरा (उत्तर प्रदेश)। थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला दुकान ढहने के बाद लापता हुई वृद्धा गंगा देवी का शव हादसे के छठवें दिन सोमवार को बरामद कर लिया गया। आगरा किले के पास नाले में जमे कीचड़ के बीच शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बारिश के बीच ढही दुकान, कई लोग आए थे चपेट में

बुधवार दोपहर करीब 2:25 बजे तेज बारिश के दौरान सुभाष बाजार स्थित राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर अचानक भरभराकर नाले में समा गई थी। दुकान के मालिक दिलीप कुंजवानी के पिता तुलाराम, कर्मचारी लाला भाई, बेटा कृष्णा, ग्राहक अनीता, उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी अनन्या और अनीता की मां गंगा देवी हादसे की चपेट में आ गए थे। स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने सभी को बाहर निकाल लिया था, लेकिन गंगा देवी का कोई सुराग नहीं मिला था।

छह दिन तक चला रेस्क्यू, किले के पास मिला शव

हादसे के बाद पुलिस, नगर निगम, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी रहीं। नाले की सफाई के लिए बुलडोजर लगाए गए और मलबा हटाकर आंबेडकर पार्क तक कई किलोमीटर क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया गया। लगातार छह दिनों तक चले अभियान के बाद सोमवार दोपहर करीब एक बजे आगरा किले के पास नाले में जमे कीचड़ के बीच गंगा देवी का शव बरामद हुआ।

हादसे ने फिर उठाए सुरक्षा पर सवाल

शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुभाष बाजार हादसे ने शहर में नालों के ऊपर बने निर्माणों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: वारदात की फिराक में घूम रहा था बदमाश, अवैध चाकू के साथ 8 मामलों का आदतन आरोपी गिरफ्तार