रायबरेली के एम्स मुंशीगंज में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वि

रायबरेली एम्स में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की OPD और IPD सेवाएं शुरू

AIIMS Raebareli Launches Gastroenterology OPD and IPD Services

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मुंशीगंज में मरीजों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की OPD एवं IPD सेवाओं का शुभारंभ किया गया। सोमवार को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने औपचारिक रूप से इस नई सेवा का उद्घाटन किया। अब पेट, आंत, लिवर और पाचन तंत्र की समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

​सप्ताह में दो दिन चलेगी ओपीडी

कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन ने बताया कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। मरीज अस्पताल भवन के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 184 में जाकर विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। विभाग में नए संकाय सदस्य के शामिल होने से ओपीडी के साथ-साथ भर्ती (IPD) मरीजों के इलाज की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।

आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एम्स की प्राथमिकता

​कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एम्स की प्राथमिकता है। गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवा का विस्तार इसी दिशा में एक बड़ा कदम है और भविष्य में भी जनहित में अन्य विशेष चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

​उद्घाटन के दौरान ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. साई प्रताप रेड्डी के अलावा अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय, डॉ. मधुकर मित्तल (इंटरनल मेडिसिन), डॉ. अर्चना वर्मा (न्यूरोलॉजी), डॉ. सुनीता सिंह (पीडियाट्रिक सर्जरी), डॉ. कुमार धर्मेंद्र सिंह (उप चिकित्सा अधीक्षक-II), डॉ. गौरव त्रिवेदी (उप चिकित्सा अधीक्षक-I) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला सहित कई चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे। 

यह भी पढ़ेंः फतेहपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 क्विंटल संदिग्ध मिठाई नष्ट