सऊदी अरब में तनाव के बीच एयर इंडिया ने रियाद-दम्मम की उड़ानें 7 नवंबर तक रोकीं, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
नई दिल्ली। सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्मम आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 7 नवंबर 2026 तक निलंबित कर दी हैं। वहीं, जेद्दा के लिए उड़ानों का संचालन 31 अक्टूबर तक बंद रहेगा। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए मुफ्त रीबुकिंग या बुकिंग रद्द करने पर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है।
यात्रियों को मुफ्त रीबुकिंग और पूरा रिफंड
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एडवाइजरी जारी कर उड़ानों के निलंबन की जानकारी दी। एयरलाइंस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को या उससे पहले कन्फर्म बुकिंग कराने वाले यात्री निर्धारित शर्तों के तहत अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या टिकट रद्द कर पूरा रिफंड ले सकते हैं। एयर इंडिया प्रभावित यात्रियों को एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा दे रही है। हालांकि, वैकल्पिक उड़ानों में सीटों की उपलब्धता के आधार पर ही रीबुकिंग की जा सकेगी।
रियाद और दम्मम के यात्रियों को 21 नवंबर तक विकल्प
एयर इंडिया के अनुसार, जिन यात्रियों की रियाद और दम्मम आने-जाने की मूल यात्रा तारीख 7 नवंबर 2026 तक है, वे 21 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी परिचालन वाले स्टेशन से आने-जाने की एक बार मुफ्त रीबुकिंग करा सकते हैं। यह सुविधा सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। वहीं, जेद्दा आने-जाने की मूल यात्रा तारीख 31 अक्टूबर तक होने पर यात्री 14 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी परिचालन वाले स्टेशन से एक बार मुफ्त रीबुकिंग का लाभ उठा सकते हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन से भी दिए विकल्प
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने प्रभावित यात्रियों के लिए सऊदी अरब और बहरीन के माध्यम से वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था का विकल्प भी दिया है। एयरलाइन के मुताबिक, रियाद और दम्मम के लिए 24 अक्टूबर तक बुकिंग कराने वाले और जिनकी मूल यात्रा तारीख 7 नवंबर तक है, वे 21 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए सऊदी अरब या बहरीन और भारत में एयर इंडिया एक्सप्रेस के किसी भी परिचालन वाले स्टेशन से आने-जाने की एक बार मुफ्त रीबुकिंग करा सकते हैं। इसी तरह, जेद्दा के लिए 24 अक्टूबर तक बुकिंग कराने वाले और जिनकी मूल यात्रा तारीख 31 अक्टूबर तक है, वे 14 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए एक बार मुफ्त रीबुकिंग का लाभ उठा सकते हैं। यह सुविधा भी उपलब्धता पर निर्भर करेगी। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए विशेष टीमें बुकिंग कार्यालयों और कॉल सेंटर के माध्यम से काम कर रही हैं।
इंडिगो ने भी 31 अक्टूबर तक रद्द की उड़ानें
सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए इंडिगो ने जेद्दा, दम्मम और मदीना आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। इससे पहले इंडिगो ने रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्मम तथा मदीना की उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। बाद में जेद्दा, दम्मम और मदीना की उड़ानों के निलंबन की अवधि भी बढ़ा दी गई।
अकासा एयर ने भी बढ़ाया उड़ानों का निलंबन
अकासा एयर ने भी सऊदी अरब में सुरक्षा हालात को देखते हुए अपनी उड़ानों पर रोक की अवधि बढ़ा दी है। एयरलाइन के अनुसार, जेद्दा से उड़ानों का निलंबन 10 नवंबर तक और रियाद से उड़ानों का निलंबन 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। इस तरह सऊदी अरब के लिए उड़ान सेवाओं में रुकावट का असर कई भारतीय एयरलाइंस के परिचालन पर पड़ रहा है।
उमराह यात्रियों की मदद कर रहा भारतीय वाणिज्य दूतावास
उड़ानों के बड़े पैमाने पर प्रभावित होने के बीच जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिकों, खासकर उमराह यात्रियों की सहायता के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। वाणिज्य दूतावास के अनुसार, जेद्दा और मक्का में चौबीसों घंटे संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावित यात्रियों की मदद की जा रही है। स्थानीय भारतीय समुदाय के संगठनों और स्वयंसेवकों की सहायता से जरूरतमंदों को भोजन, आवश्यक दवाइयां और अन्य जरूरी राहत उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय वाणिज्य दूतावास यात्रियों के रिफंड के मुद्दे पर एयरलाइंस के संपर्क में है। साथ ही, भारतीय उमराह टूर ऑपरेटरों को उन एयरलाइंस से जोड़ने में मदद की जा रही है, जो भारत के लिए उड़ानों का संचालन जारी रखे हुए हैं। हालांकि, वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सीटों की उपलब्धता, लागू हवाई किराए और संबंधित एयरलाइन के नियमों पर निर्भर करेगी। वाणिज्य दूतावास ने प्रभावित यात्रियों से अपील की है कि वे रीबुकिंग और रिफंड के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस, ट्रैवल एजेंटों और उमराह सेवा प्रदाताओं के संपर्क में बने रहें। मिशन ने कहा कि वह सऊदी अरब में फंसे भारतीय नागरिकों की जल्द वापसी में मदद के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: दिल्ली स्कूलों की किताबों पर सियासी घमासान: सौरभ भारद्वाज ने की लैब टेस्ट की मांग