पिता की विरासत नहीं संभाल पाए अखिलेश, सपा में मची है भगदड़: दयाशंकर सिंह
बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह समाजवादी पार्टी और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। दयाशंकर सिंह ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और पार्टी लगातार टूट के तरफ बढ़ रही है।
पुराने नेताओं का पार्टी से मोह भंग हो रहा है
दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी से उन पुराने नेताओं का मोह भंग हो रहा है। जिन्होंने कभी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ कंधे-कंधा मिलाकर काम किया था। मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा में अब पुराने और वफादार नेताओं का सम्मान नहीं रह गया है, जिसके चलते वे लगातार पार्टी छोड़ रहे है। उन्होंने कहा है कि सपा में नेताओं की अनदेखी की पार्टी के बिखराव का सबसे बड़ा कारण है।
अखिलेश की कार्यशैली पर खड़ा किया सवाल
अखिलेश यादव को घेरते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा 2012 में मुलायम सिंह यादव जी ने बड़े भरोसे के साथ अखिलेश यादव को सत्ता की बागडोर सौंपी थी। लेकिन, उस समय के बाद से अखिलेश यादव लगातार चुनाव हार रहा हैं और अपनी पार्टी को बिखरने से बचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। विपक्ष के अन्य दलों के नेताओं से उनकी मुलाकातों पर उठाये जा रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि राजनीति में नेताओं का आपस में मिलना-जुलना एक सामान्य प्रक्रिया है, इसे किसी खास राजनीतिक चश्मे से या यह दलगल भावना से नहीं देखना चाहिए।
राम मंदिर चंदा विवाद पर बोले- दूध का दूध पानी का पानी होगा
अयोध्या राम मंदिर निर्माण में कथित चंदा हेरफेर के मामले को लेकर चल रही एसआईटी जांच पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह सरकार का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा और सच जनता के सामने होगा। वहीं, ब्राह्मणों से जुड़े एक सवाल पर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि इसे किस श्रेणी में रखना है, यह तय करना आपका काम है।