अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले अखिलेश, दी बधाई
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से आज अण्डर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर पदक जीतने वाले मिर्जापुर के श्री आशीष यादव और कामनवेल्थ गेम में महिला जूडो में स्वर्ण पदक विजेता सुश्री अस्मिता डे नेे मुलाकात की। अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को सफलता के लिए बधाई दी और सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने अपनी मेहनत और लगन से देश समाज और परिवार का नाम रोशन किया है।
समाजवादियों की प्राथमिकता में रहे हैं खिलाड़ी
अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती है। समाजवादी पार्टी की सरकारों में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया था। प्रदेश के कई खिलाड़ियों को यशभारती सम्मान दिया गया था। खेल और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की नीति को हमेशा प्राथमिकता देने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल नीति में महत्वपूर्ण प्रोत्साहनों की घोषणा भी की थी।
खिलाड़ियों को बेहतर आर्थिक प्रोत्साहन की जरूरत
यादव का मानना रहा है कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को केवल पदक तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें उचित सम्मान, आर्थिक प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देकर नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए। उनके कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी कदम उठाए गए थे। आज जब भारतीय खिलाड़ी ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं, यह परंपरा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। भारतीय जूडो में अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार में खिलाड़ियों को फिर से सम्मानित किया जाएगा और उनका सम्मान होगा।