यूपी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने सम

2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश की नई रणनीति, छात्र सभा के लिए तय हुआ ड्रेस कोड

Akhilesh discusses poll strategy (Image Enhansed with AI)

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होने लगी है। इस कड़ी में आज मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की अध्यक्षता में समाजवादी छात्र सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया।

अखिलेश ने चुनावी रणनीति पर किया मंथन

करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में अखिलेश यादव ने पदाधिकारियों संग मंथन किया और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नई रणनीति पर चर्चा हुई। एक तरफ जहां दलित वोट बैंक को साधने की नई रणनीति पर चर्चा हुई, वहीं समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों के लिए नई ड्रेस कोड भी तय किया गया। पार्टी के नए ड्रेस कोड में नीली जींस, नीली टी-शर्ट और सिर पर लाल टोपी होगी।

नीली जींस-टीशर्ट और लाल टोपी ड्रेस कोड

बैठक में ड्रेस कोड तय करने के साथ ही टी-शर्ट पर सपा का लोगो बनवाने के भी निर्देश दिए गए हैं। नए ड्रेस कोड में नीली जींस और नीली टी-शर्ट को मायावती के दलित वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। छात्र सभा की बैठक में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा और राष्ट्रीय महासचिव मुकुल यादव सहित प्रदेशभर से आए समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

अखिलेश सरकार की उपलब्धियां बताएगी छात्र सभा

बैठक में तय किया गया कि पार्टी के कार्यकर्ता हर विधानसभा और विश्वविद्यालय में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। ये कार्यकर्ता अखिलेश यादव के निर्देश पर छात्रों से शिक्षा संबंधी मुद्दों पर संवाद करेंगे। छात्र सभा के कार्यकर्ता छात्रों को अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव बोले- सामाजिक न्याय के लिए PDA सरकार जरूरी, जगदेव कुशवाहा की प्रतिमा का ऐलान