सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर चुनावी धांधली

अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, कहा- शिक्षा अधिकारी करवा रहे चुनावी धांधली

Akhilesh Yadav alleges electoral malpractice in UP MLC elections

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को बीजेपी सरकार पर प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) लोगों को डरा-धमकाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा प्रमुख ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "भाजपा बेईमानी, धांधली या हेरफेर का सहारा लिए बिना चुनाव नहीं जीत सकती। सरकार ने खास तौर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यह काम सौंपा है।"

अधिकारियों को खुली चेतावनी

अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि चुनावी धांधली में शामिल अधिकारियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने पर इन्हें कानून के कटघरे में खड़ा होना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, "पूरे राज्य में जहां भी चुनाव हो रहे हैं, वहां BSA और DIOS सक्रिय रूप से धमकियां दे रहे हैं। इनके खिलाफ इतने दस्तावेज मौजूद हैं कि इन्हें जेल की हवा खानी तय है। मैं चुनाव आयोग से अपील करता हूं कि वह मतपेटियों की सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क रहे।"

शिक्षा मित्रों और विकास के मुद्दों पर वादे

सपा प्रमुख ने सत्ता में वापसी पर शिक्षा मित्रों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा शिक्षकों को प्रभावित किए बिना अलग बजट के जरिए शिक्षा मित्रों को नियमित किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने अकबर नगर के विस्थापन और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार आने पर किसानों को उनकी जमीन का उचित बाजार मूल्य दिया जाएगा। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने की सौरव दास और आशुतोष की रिहाई की मांग, 26 नवंबर को आएगा सपा का घोषणापत्र