वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप: अखिलेश बोले- फूलमती के बाकी वोटों पर बीजेपी डाल देगी 'कमल' की मुहर
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और फर्जी प्रविष्टियों का गंभीर आरोप लगाया है। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने चुनाव आयोग को आगाह किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले 'वोट की चोरी' रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
मतदाता सूची में गड़बड़ी पर कड़ा प्रहार
सपा प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सचिन द्वारा जांच किए जाने पर लखनऊ में एक ही महिला 'फूलमती सूरज' का नाम कई अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज पाया गया। इस विसंगति को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के संज्ञान में ला दिया गया है।
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, "फूलमती... उनके वोट कई जगहों पर पाए गए। फूलमती का मतलब कमल होता है। फूलमती जी को शायद सिर्फ अपने एक वोट के बारे में पता हो—कि वह जाकर अपना एक वोट देंगी। लेकिन फूलमती के बाकी बचे वोटों का क्या? बीजेपी उन सभी वोटों को 'कमल' के निशान पर डाल देगी।" उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग इस मामले में त्वरित कार्रवाई करेगा।
निजी कंपनियों की भूमिका पर उठाए सवाल
एक ही आवेदन के बार-बार दर्ज होने की संभावना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही उनकी जानकारी में त्रुटि हो सकती है, लेकिन दिल्ली चुनावों के दौरान चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर और एक महिला अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे।
उन्होंने मतदाता सूचियों के प्रबंधन में किसी निजी कंपनी की संलिप्तता पर सवाल उठाते हुए कहा, "ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई निजी कंपनी मिलीभगत करके बीजेपी के लिए काम करे? यह हमारे लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है।" साथ ही, उन्होंने मीडिया को भी हिदायत दी कि व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे राजनीतिक नैरेटिव के जाल में न फंसें।
26 नवंबर को आएगा 'जन-मन घोषणापत्र'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए आगामी 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' के मौके पर अपना "जन-मन घोषणापत्र" जारी करेगी।
इसे "सत्ताईस का संकल्प" का नाम देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घोषणापत्र PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के सपनों और आकांक्षाओं का प्रतीक होगा। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी साझा की है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का ऐलान, 26 नवंबर को जारी होगा सपा का 'जन-मन घोषणापत्र'