अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- जेपीएनआईसी बेच दिया, आने वाली सरकार कराएगी जांच
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जेपीएनआईसी को निजी हाथों में दिए जाने को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण के नाम पर बनी जेपीएनआईसी बिल्डिंग को बेच दिया और कहा कि आने वाली सरकार में इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को ‘सरकार नहीं दुकान’ बताते हुए सरकारी संपत्तियों को बेचे जाने का भी आरोप लगाया।
जेपीएनआईसी बेचने पर अखिलेश ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कारोबारियों से मिलीभगत का आरोप
गुरुवार को समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय, लखनऊ पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने राजधानी के गोमतीनगर में समाजवादी सरकार के दौरान बनाई गई जेपीएनआईसी बिल्डिंग को निजी हाथों में बेचने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कारोबारियों से मिली हुई है और सरकारी संपत्तियां बेच रही है।
भाजपा ने जेपी नारायण को बेच दिया, अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी ने जेपी (जय प्रकाश) नारायण को बेंच दिया। भाजपा लोकनायक जय प्रकाश नारायण के काम, सोशलिस्ट मूवमेंट और उनके नाम पर बनी बिल्डिंग के लिए खलनायक है। भाजपा और उनके सुरंगी, अनरजिस्टर्ड, अंडरग्राउंड लोगों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से चिढ़ है। भाजपा की दिल्ली का बड़ा इंजन बड़ी चीजें बेंच रहा है और लखनऊ का छोटा इंजन यूपी की छोटी चीजें बेंच रहा है।
भाजपा सरकार नहीं दुकान है, जेपीएनआईसी बिक्री में घोटाले का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं दुकान है। इसने समाजवादी सरकार में बनाए गए जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल केन्द्र को घोटाला करके बेच दिया है। इसमे कई सौ करोड़ का पेमेन्ट किया गया है। समय आने पर पूरे प्रकरण की जांच होगी और जिन अधिकारियों ने जेपीएनआईसी बेचने में बड़ा घोटाला किया है, उनकी भी पूरी जांच होगी।
जेपीएनआईसी के निर्माण से जुड़ी यादें साझा कीं, संपूर्ण क्रांति में जेपी के योगदान को किया याद
भाजपा सरकार ने पहले समाजवादी सरकार में बनाए गए किसान बाजार, शाने-अवध, और जनेश्वर मिश्र पार्क के कुछ हिस्से को अपने करीबियों को बेचा। अब जेपीएनआईसी बिल्डिंग भी बेच दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में जब जेपीएनआईसी का शिलान्यास हुआ था तब नेताजी के साथ ही जार्ज फर्नांडीज, मोहन सिंह, बृजभूषण तिवारी समेत कई समाजवादी नेता मौजूद थे। समाजवादी नेताओं ने जो सपना देखा था उसी के अनुरूप जेपीएनआईसी बनाया गया। जय प्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया, युवाओं को जगाने का काम किया। उनकी संपूर्ण क्रांति ने देश की राजनीति में बदलाव लाने का काम किया।
18 से 20 एकड़ में बनी थी जेपीएनआईसी, स्वीमिंग पूल से कन्वेंशन सेंटर तक की गिनाईं खूबियां
अखिलेश यादव ने कहा कि जय प्रकाश के नाम पर जेपीएनआईसी सिग्नेचर बिल्डिंग बनाई गई। 18 से 20 एकड़ में बनाई गई इस बिल्डिंग के माध्यम से कोशिश की गई कि जनता को सुविधा मिले। इसमें बड़ी संख्या में कमरे हैं, आल वेदर हीटेड स्वीमिंग पूल था, आडीटोरियम, दो हजार की क्षमता से बड़ा कन्वेंशन सेंटर, बड़ा हॉल, बैटमिंटन, टेनिस, स्क्वैश कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट था। बिल्डिंग पर हेलीपैड था साथ में बड़ी जगह में सुरक्षित पार्किंग थी।
जेपीएनआईसी की कीमत 6 हजार करोड़ से ज्यादा बताई, पार्किंग से 30 साल में 867 करोड़ की कमाई का दावा
आज बाजार भाव के हिसाब से जेपीएनआईसी और उसके पूरे एरिया की कीमत 6 हजार करोड़ से ज्यादा की होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जेपीएनआईसी को जितने में बेचा है उतना पैसा तो तीस साल उसकी पार्किंग से आ जाएगा। अगर हिसाब लगाया जाय तो तीस साल में 867 करोड़ रुपया सिर्फ पार्किंग से आ जाएगा। इस सरकार ने जेपीएनआईसी 831 करोड़, शाने-अवध 428 करोड़ में बेचा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस की टोल वसूली निजी हाथों में दे दी। एक्सप्रेस वे की री कारपेटिंग में भ्रष्टाचार किया।
जेपीएनआईसी में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल, अखिलेश बोले- दस साल तक सरकार क्या करती रही
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार को बदनाम करने के लिए जेपीएनआईसी में भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाए। अगर भ्रष्टाचार था तो सरकार दस साल तक क्या जांच करती रही। भाजपा अपने लोगों को बेचने के लिए आरोप लगाती रही। इस सरकार ने समाजवादी सरकार में बने किसान बाजार को बेच दिया।
किसान बाजार और प्लासियो मॉल की बिक्री पर भी अखिलेश का हमला, भ्रष्टाचार की आशंका जताई
उसमें अपने स्वजातीय का होटल खुलवा दिया। शहीद पथ पर स्थित प्लासियो मॉल समाजवादी सरकार में बना था। ऐसी बिल्डिंग और बाजार देश में कहीं नहीं है। इस सरकार ने उसे भी बेंच दिया। इसे जब बेचा गया था तब उस समय उपमुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पत्र लिखा था। अगर शाने-अवध प्लासियो मॉल को बेचने में भ्रष्टाचार हो सकता है तो जो जेपीएनआईसी दो फाइव स्टार होटलों के बीच है उसमें कितना भ्रष्टाचार हुआ होगा, इसकी कल्पना की जा सकती है।
भाजपा के गठन में जेपी के नाम और तस्वीर के इस्तेमाल पर अखिलेश ने उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने गठन के समय पर जय प्रकाश नारायण के नाम का प्रयोग किया था, क्या कारण है कि उनके नाम पर बनी बिल्डिंग को निजी हाथों में बेंच दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अपना कोई नेता नहीं था, वह गठन के समय दिखाना चाहते थे कि समाजवादी विचारधारा पर चलेंगे। इसीलिए गठन के दिन मंच पर जय प्रकाश नारायण की तस्वीर लगाई। अखिलेश यादव ने कहा कि मैं उस विषय पर नहीं जाना चाहता कि अधिवेशन के लिए सबसे ज्यादा चंदा किसने दिया। जो लोग पी से पाकिस्तान की बात करते हैं उन्हें जानना चाहिए कि भाजपा के गठन के समय चंदा देने वाले के तार वहां से जुड़े थे।
दस साल में भी जेपीएनआईसी का अधूरा काम पूरा नहीं हुआ, ठेकेदारों को पेमेंट देने का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चाहती तो जेपीएनआईसी का अधूरा काम पूरा होकर जनता के काम आ रही होती लेकिन इस सरकार ने दस साल में भी काम पूरा नहीं होने दिया। जेपीएनआईसी बनाने वाले मुख्य ठेकेदार समेत अन्य काम करने वाले ठेकेदारों को काम पूरा होने की जांच किए बिना पूरा पेमेंट कर दिया गया। ठेकेदारों को पेमेंट करके लिखवा लिया कि वे कोर्ट नहीं जाएंगे।
एक्सप्रेसवे टूटने का हवाला देकर भाजपा पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप, सपा मॉडल को बताया बेहतर
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर जगह भ्रष्टाचार और लूट चल रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे जगह-जगह टूट गई, गड्ढे हो गए। गंगा-एक्सप्रेस वे जगह-जगह टूट गया। बुन्देलखंड एक्सप्रेस वे उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री के जाते ही टूट गया। यह सब भाजपा का जेब भरने वाला मॉडल है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में बनाया गया आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का मॉडल आज भी सबसे अच्छा है। सड़क वैसे की वैसे है।
यूपी की कानून व्यवस्था पर अखिलेश का हमला, नेपाल बाढ़ में हुई मौतों पर जताया दुख
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हत्या, लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पंजाब और हरियाणा में जिस तरह हत्याएं होती थीं वह अब यूपी में भी होने लगी। भाजपा सरकार में अपराध चरम पर है। गरीबों के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। किसी की कोई सुनवाई नहीं है। अखिलेश यादव ने नेपाल में आई बाढ़ में बड़े पैमाने पर लोगों की जान जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारों को ऐसी आपदा के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले अखिलेश यादव को महिलाओं ने बांधी राखी, बोले- सुरक्षा और सम्मान में नहीं होगी चूक