अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से की मुलाकात, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रामपुर जिला जेल पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां साहब से मुलाकात की। मोहम्मद आजम खां साहब से जिला जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश यादव उनके आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
भाजपा पर अन्याय का आरोप, बोले- आजम थे और रहेंगे
रामपुर जिला जेल में मोहम्मद आजम खां साहब से मुलाकात के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने रामपुर में रामराज की भावना को कुचला है। मोहम्मद आजम खां साहब और उनके परिवार के साथ भाजपा सरकार ने बहुत अन्याय किया हैं। किसी राजनीतिक परिवार के साथ इतना अन्याय नहीं हुआ है। जितना मोहम्मद आजम खां साहब के साथ हुआ है। मेरी आजम खां साहब से अच्छी मुलाकात हुई हैं, हमें उम्मीद है उन्हें जल्दी से जल्दी न्याय मिलेगा। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खां साहब आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे।
रामपुर की जनता चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी: अखिलेश
यादव ने कहा कि हम लोगों और समाजवादी पार्टी का रामपुर के साथ राजनीति के साथ-साथ भावनात्मक रिश्ता है। भाजपा ने रामपुर में रामराज की भावना को कुचला है, मारा है। उत्तर प्रदेश और रामपुर की जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी। भाजपा को उसके अन्याय, अत्याचार की सजा देगी।
जौहर विश्वविद्यालय का सपना पूरा करेगी समाजवादी पार्टी
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और मोहम्मद आजम खां साहब सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए काम कर रहे हैं। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय मोहम्मद आजम खां साहब का सपना है, हम समाजवादी लोग उस सपने को पूरा करेंगे। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, पढ़ाई-लिखाई और छात्रों-नौजवानों का भविष्य बनाने के लिए है। भाजपा सरकार शिक्षा विरोधी है। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आस्था-श्रद्धा के साथ भी खिलवाड़ कर रही हैं। इस सरकार में रामधन की चोरी हो गई। प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी हो गया। चढ़ावा और चंदा चोरी करने में भाजपा के लोग शामिल है। प्रदेश की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी।
वोटर लिस्ट में फर्जी वोटों पर अखिलेश ने उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में अभी फर्जी वोट हैं। मतदाता सूची में गड़बड़ी करने वालों की पोल खुल गयी है। पीलीभीत का मामला सामने है। मतदाता सूची में गड़बड़ी और धांधली करने वाले जगह-जगह पकड़े जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने सौ विधानसभाओं की सूची दी है। उसमें लाखों वोट फर्जी है। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग वोटरलिस्ट ठीक करने के लिए कोई ठोस फैसला लेगा। अगर आधार से जोड़ सकते हैं तो उस दिशा में काम करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा आरोप, शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव में गड़बड़ी की साजिश का दावा