अखिलेश यादव ने PDA प्रहरियों से 24 अक्टूबर को बूथो

अखिलेश यादव की अपील, 24 अक्टूबर को बूथों पर मुस्तैद रहें PDA प्रहरी, फर्जी वोटरों पर रखें नजर

SP Chief Akhilesh Yadav (File Photo)

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के हर सजग-सक्रिय ‘पीडीए प्रहरी’ को एसआईआर के कारण समस्या झेल रहे मतदाताओं की सहायता  करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि 24 अक्टूबर को भी सभी ‘पीडीए प्रहरी’ पुनः मुस्तैद रहें और मतदाताओं की हर संभव मदद करें। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेता, कार्यकर्ता अपने अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहें। मतदाता सूची में फर्जी वोटरों का नाम जुड़ने से रोके, असली वोटरों का नाम जुड़वाएं। भाजपा की बेईमानी से सावधान रहें।

भाजपा ने जनता का भरोसा खोया, हर वर्ग परेशान: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता का भरोसा खो दिया है। भाजपा के कार्य और उसकी सोच नकारात्मक है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है। प्रदेश का किसान, नौजवान, आम जनता, महिलाएं कोई भी भाजपा पर भरोसा नहीं कर रहा है। भाजपा ने जनता जनता से झूठे वादे किए। सत्ता में आने के बाद सभी को बारी-बारी से ठगा है। अब सत्ता हाथ से फिसलता देख भाजपा पूरी तरह से झूठ, बेईमानी और ठगी पर उतर आई है। मुख्यमंत्री समेत भाजपा का नेतृत्व भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और माफियाओं को खुद संरक्षण दे रहा है।

भ्रष्टाचार और बिगड़ी कानून व्यवस्था पर भाजपा को घेरा

उन्होंने आगे कहा कि झूठा आरोप विपक्षी पार्टियों पर लगाते है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग, हर कार्य में भ्रष्टाचार है। भाजपा के भ्रष्टाचार में उत्तर प्रदेश को तबाह कर दिया है। भाजपा के दस साल की सरकार में उत्तर प्रदेश को बदनामी के अलावा कुछ नहीं मिला है। ध्वस्त कानून व्यवस्था, चरम पर पहुंचे अपराध, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार ने उत्तर प्रदेश को बहुत नुकसान पहुंचाया है।

जातिगत भेदभाव खत्म करने के लिए PDA सरकार को बताया विकल्प

अखिलेश यादव ने कहा है कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब तो विदेशी भी जाति के भेद से जन्म लेने वाले भेदभाव का आँखों देखा हाल बता रहे हैं। सच तो ये है कि पीडीए समाज का कोई भी व्यक्ति वो चाहे जेल के अंदर हो या बाहर जाति के नाम पर ‘पीड़ा, दुख और अपमान’ उसे हमेशा ही भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जातिगत गैरबराबरी और असमानता को जड़ से समाप्त करने के लिए पीडीए सरकार का आना ही एकमात्र विकल्प है। पीडीए सरकार आएगी ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाएगी।

यह भी पढ़ें: सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विधान परिषद चुनाव में प्रशासनिक दुरुपयोग का लगाया आरोप