अखिलेश यादव का मायावती को जवाब, बोले- सपा कभी गठबंधन नहीं तोड़ती; BJP सरकार पर भी साधा निशाना
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को BSP प्रमुख मायावती के 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड पर दिए बयान का जवाब देते हुए कहा कि उनकी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती और हमेशा अपने सहयोगियों के साथ खड़ी रहती है। मायावती ने आरोप लगाया था कि सपा केवल अपने फायदे के लिए गठबंधन का इस्तेमाल करना जानती है। उन्होंने 1995 की उस घटना का जिक्र किया था जब BSP ने उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से समर्थन वापस ले लिया था और सपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर स्टेट गेस्ट हाउस में उन पर हमला किया था।
महंगाई और राशन पर भाजपा से सवाल
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। हम ऐसे लोग हैं जो हमेशा अपने सहयोगियों के साथ खड़े रहते हैं। जो कोई भी सवाल उठाना चाहता है, उसे भाजपा पर सवाल उठाने चाहिए। चीनी अभी महंगी हो गई है। वे पेट्रोल में इथेनॉल मिला रहे हैं और मुनाफे के लिए चीनी को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।" गरीबी और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर BJP सरकार पर निशाना साधते हुए, यादव ने 15 करोड़ लोगों को राशन देने के केंद्र के दावे पर सवाल उठाया और कहा कि सरकार को उन लाभार्थियों की आय की जानकारी सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "अगर जापान के बच्चे ने थोड़ी रिसर्च की होती, तो वह मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने की हिम्मत नहीं करता। उन्हें 15 करोड़ लोगों को राशन बांटना पड़ रहा है। सरकार को इन 15 करोड़ गरीब लोगों की आय बतानी चाहिए। वे गरीबों को कमजोर कर रहे हैं। सरकार खुद मानती है कि देश में 15 करोड़ लोग गरीब हैं। समाजवादी पार्टी अपनी सभी सीटों के लिए तैयारी कर रही है और दोगुनी स्पीड से कर रही है।"
प्राइमरी स्कूलों और बच्चों के पोषण पर सपा का फोकस
शिक्षा और स्कूल के बुनियादी ढांचे के बारे में बोलते हुए, सपा प्रमुख ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो प्राइमरी स्कूलों को बेहतर बनाने पर फोकस करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार उन स्कूलों को बंद कर रही है जिन्हें पहले निजी संस्थानों की तरह से विकसित किया गया था।
अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद हम प्राइमरी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। समाजवादी पार्टी के समय में हमने लखनऊ में 'अभिनव स्कूल' बनाने का प्रस्ताव रखा था। BJP सरकार उन स्कूलों को बंद कर रही है, जिन्हें कभी 'प्राइवेट-स्टाइल' स्कूल कहा जाता था, ताकि बच्चे पढ़ न सकें। हमने लखनऊ में सेंट्रल किचन से बच्चों को गरम खाना देने का एक प्रोग्राम शुरू किया था। हमारी आने वाली सरकार यह सुनिश्चित करने पर काम करेगी कि बच्चों को बेहतर और पौष्टिक खाना मिले। समाजवादी पार्टी की सरकार में हम बच्चों को मशीनों से बनी घी लगी रोटियां देंगे।"
डेयरी किसानों और गोबर से एनर्जी पर प्लान
यादव ने डेयरी किसानों की दिक्कतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाती है तो उनके भले के लिए योजनाएं शुरू करेगी। उन्होंने कहा, "डेयरी किसानों के साथ नाइंसाफी हो रही है। वहां बड़ी संख्या में लोग भैंस पालते हैं। सरकार तो गाय का मूत्र भी बेच रही है, फिर भी ये किसान लखनऊ में दूध सप्लाई करते हैं। अगर वे दूध सप्लाई करना बंद कर दें, तो मिलावटी दूध और पनीर का धंधा फलेगा-फूलेगा।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनी, तो हम उनके लिए बेहतर स्कीम लाएंगे। कल जब मैं एक जापानी डेलीगेशन से मिला, तो उन्होंने बताया कि बहुत सारे लोग गोबर से एनर्जी प्लांट लगा रहे हैं। प्रयागराज में करोड़ों रुपये खर्च हुए फिर भी हालात खराब हैं। लखनऊ में बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, ‘चवन्नी’ टिप्पणी को बताया अपमानजनक