लखनऊ में जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम में अखिलेश

जनेश्वर मिश्र जयंती पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, 2027 चुनाव और PDA को लेकर कही बड़ी बातें

Akhilesh Yadav Targets BJP, Speaks On PDA And 2027 Polls At Janeshwar Mishra Event

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने PDA की नई व्याख्या करते हुए कहा कि इसमें "पीड़ित पंडित" भी शामिल हैं। अखिलेश ने सरकार पर भ्रष्टाचार, ब्राह्मणों समेत कई वर्गों के उत्पीड़न और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए। साथ ही दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

जनेश्वर मिश्र के समाजवादी योगदान को किया याद

अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम लोग समाजवादी चिंतक, जनेश्वर मिश्र की जयंती मना रहे है। उन्होंने समाजवादी आन्दोलन को जीवन पर्यन्त आगे बढ़ाया। अपने जीवन में समाजवादी सिद्धांतों को अपनाया। जनेश्वर मिश्र ने सादगी के साथ अपने विचारों से सबको जोड़ने का काम किया।

PDA की नई व्याख्या और भाजपा पर उत्पीड़न के आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे भाजपा के लोग लोकसभा चुनाव पीडीए से हारें है तबसे पीडीए की तरह-तरह की परिभाषा बनाते है। लेकिन वो जान ले पीडीए में पीड़ित पंडित का शार्ट फार्म है। भाजपा जितना पीड़ा देगी, पीड़ा बढ़ाएगी पीडीए उतना ही मजबूत होगा। भाजपा सरकार ने लोगों को बहुत प्रताड़ित किया है। पीड़ा दी है। लोगों को बहुत सी घटनाएं पता है। कानपुर में गाड़ी पलटाई। बस्ती में एक साथी न्याय के लिए गया था। पुलिस के लोगों ने पीट-पीट कर मार दिया। इस सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ तो अन्याय हो ही रहा था अब ब्राह्मणों के भी पीछे पड़ गयी है। इसके कई उदाहरण है। सरकार को गोरखपुर का हाता नहीं भाता।

भ्रष्टाचार और शंकराचार्य के अपमान का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। स्वास्थ्य विभाग को तो खुद ही इलाज की जरूरत है। भाजपा सरकार ने पूज्य शंकराचार्य को अपमानित किया। कुंभ में त्रिवेणी में स्नान नहीं करने दिया। शंकराचार्य को स्नान करने से रोके जाने का दूसरा उदाहरण कहीं नहीं है। शंकराचार्य को धरना देना पड़ा। धरने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। 

बटुकों के अपमान और शंकराचार्य पर कार्रवाई को लेकर निशाना

यादव ने कहा कि इस सरकार ने बटुकों के साथ अपमान किया। शंकराचार्य को डराने के लिए उनपर पास्कों का झूठा मुकदमा लगाया। लेकिन पूज्यनीय शंकराचार्य झुके नहीं। वह पूरे प्रदेश में गये। जगह-जगह उनका समाजवादियों ने स्वागत किया समाजवादी लोग शंकराचार्य के साथ खड़े रहे। भाजपा सरकार से केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं हर समाज के लोग दुःखी हैं। भाजपा ने हर चीज पर संकट खड़ा कर दिया है। 

नकारात्मक राजनीति पर भाजपा को घेरा

अखिलेश ने कहा, भाजपा दूसरों को बदनाम करने के लिए नकारात्मक राजनीति करती है। देश की नई पीढी जेन ने इन्हें जवाब दिया है। भाजपा की नकारात्मक राजनीति के पाप का घड़ा भर गया है। युवाओं ने भाजपा को सबक सिखा दिया है। जब वोट पड़ेगा तो भाजपा का पता नहीं चलेगा।

समाजवादी पार्टी की उपलब्धियां और सम्मान की राजनीति का दावा

अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी सबका सम्मान करती है। किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है। समाजवादी पार्टी को जब भी मौका मिला है सम्मान देने का काम किया है। आज भी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क का कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नाम पर कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार में बनाए गये लोकभवन में ही प्रतिमा लगायी गयी। समाजवादी पार्टी की सरकार में भगवान के नाम पर बने इकाना अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम को भाजपा ने अटल के नाम पर किया।

राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी का लगाया आरोप

यादव ने कहा कि भाजपा के एक रंगी मुख्यमंत्री की भाषा कैसी है, सभी जानते है। समाजवादी पार्टी ने सभी को पहले भी सम्मान दिया है और आगे भी देंगे। यादव ने आगे कहा कि भाजपा के लोगों ने प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी करके सबसे बड़ा महापाप किया है। दान पात्र से पैसा निकाल लिया। चंदा चोरी कर लिया। जब चोरी पकड़ी गयी तो छोटे कर्मचारियों को पकड़कर जेल भेज दिया। चढ़ावा चोरी इतनी बड़ी है जिसकी कल्पना नहीं कर सकते है। इतनी बड़ी चोरी छोटे कर्मचारी नहीं कर सकते हैं। चढ़ावा चोरी में बड़े लोग शामिल है। 

अयोध्या चढ़ावा मामले और भ्रष्टाचार पर फिर साधा निशाना

उन्होने आगे कहा, मुख्यमंत्री बार-बार अयोध्या जाते थे, इसके बावजूद उन्हें चढ़ावा चोरी का पता नहीं लगा। गुप्त दान गायब हो गया, पता नहीं लगा। चढ़ावा चोरी के खुलासे के बाद भाजपा के लोग चढ़ावे की रसीद मांग रहे हैं, इससे घटिया बात दूसरी नहीं हो सकती है। सनातनी परम्पराओं में चढ़ावा और दान की रसीद नहीं होती है। भाजपाई रसीद मांग रहे है। क्योंकि इनके यहां एक रसीद घोटाला करने वाले डिप्टी सीएम भी है। उन पर पाप पड़ा। जनता ने 2022 में उन्हें हरा दिया। जिन्होंने राम धन की चेारी की है उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें विधानसभा चुनाव में हरा देगी। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग, हर काम में भ्रष्टाचार हो रहा है। लखनऊ-कानपुर की 63 किलोमीटर सड़क चार हजार करोड से ज्यादा में बनी, लेकिन उद्घाटन के बाद ही जगह-जगह टूट गयी। गड्ढ़े हो गये। 

एक्सप्रेस-वे निर्माण और विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप

उन्होने आगे कहा, भाजपा सरकार ने एक जगह नहीं हर जगह लूट की हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की 90 किलोमीटर की सड़क पर 7 हजार करोड़ लुटा दिए गये। यह सरकार इंजीनियर नहीं, ठेकेदार की तरह काम कर रही हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों में समझौता हुआ है। घटिया निर्माण हुआ। समाजवादी सरकार में एक्सप्रेस-वे पर किसानों के लिए मंडी बनायी जा रही थी। भाजपा सरकार ने मंडियों का काम रोक दिया। भाजपा सरकार ने समाजवादियों के किए कामों को बर्बाद कर दिया।

पुलिस कार्रवाई और यूपी डायल 100 को लेकर सरकार पर सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस अन्याय कर रही है। लोगों को पुलिस झूठे मुकदमों में फंसा रही है। प्रताड़ित कर रही है। ऐसा अत्याचार कभी नहीं हुआ। भाजपा पुलिस से अन्याय करा रही है। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार में बनाए गए यूपी डायल 100 पुलिस सेवा को भी बर्बाद कर दिया। 

स्वास्थ्य, खाद और ईंधन व्यवस्था पर सरकार को घेरा

यादव ने कहा, समाजवादियों ने एम्बुलेंस की व्यवस्था बनायी थी। उसे भी खराब कर दिया। सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पा रहा है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। पहले खाद की बोरी से चोरी हुई थी अब तो पूरी बोरी चोरी हो गयी। किसान डीएपी, यूरिया के लिए भटक रहा है। खाद नहीं मिल रही है। अब तो शुद्ध डीजल और पेट्रोल भी नहीं मिल रहा है। पेट्रोल में इथेनाल मिलाकर दिया जा रहा है। मिलावटी पेट्रोल से गाड़िया खराब हो रही है। 

2027 में भाजपा के सफाए का दावा और समाजवादी सरकार का वादा

अखिलेश ने कहा, ई-20 में बड़ा-बड़ा खेल हो रहा है। बीजेपी, भ्रष्टाचारी, जुल्म करने वाली और पापी पार्टी है। इसने चंदा चोरी किया है। ये भ्रष्ट, जुल्मी, पापी लोग है। इस बार प्रदेश की जनता इनको सजा देगी। भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सभी का सम्मान होगा। भाजपा सरकार ने जिन महापुरूषों की छुट्यिों को समाप्त किया है उसे फिर से लागू करेंगे।

माता प्रसाद पाण्डेय ने 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया आह्वान

नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार में आज प्रबुद्ध वर्ग पर बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। प्रबुद्ध वर्ग को इस पर विचार करना होगा। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ था। जनेश्वर मिश्र ने हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया था। भाजपा सरकार अन्याय की प्रतीक बन गयी है। 2027 में इस अन्यायी सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है।

सनातन पाण्डेय बोले- 2027 में सपा सरकार बनने का माहौल

कार्यक्रम के संयोजक, सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा है कि पश्चिम से लेकर पूरब तक उत्तर से लेकर दक्षिण तक सभी लोगों ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है। यहां मौजूद लोगों का उत्साह बता रहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार में श्रद्धेय जनेश्वर मिश्र के नाम पर एशिया का सबसे बड़ा पार्क बनाकर उन्हें सम्मान दिया गया था। पाण्डेय ने कहा कि पूरे देश में अखिलेश यादव जैसा दूसरा नेता नहीं है। ये सभी को गले लगाते हैं। सभी का सम्मान करते हैं। 

यह भी पढ़ें:    इटावा में चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद