अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- भ्रष्टाचार से फेल हुई जल निकासी व्यवस्था
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 27 सितंबर 2026 को कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक वर्षा नहीं, बल्कि भाजपा के भ्रष्टाचार की वजह से जल निकासी व्यवस्था का फेल होना है। उन्होंने कहा कि नाली से लेकर नाले तक गंदगी से जाम हैं, तो पानी निकलेगा कहां से।
नदियों में गाद जमा होने से बहाव प्रभावित
अखिलेश यादव ने कहा कि विभिन्न तरह के प्रदूषण और नालों के नदियों में गिरने की वजह से नदियों का बहाव गाद जमा होने के कारण बुरी तरह बाधित हुआ है। उन्होंने कहा कि बंधा बनाकर उफनती नदी के पानी को रोकना कोई कारगर उपाय नहीं है। भविष्य में नदियों की गाद हटाकर उन्हें गहरा करने का काम करने की बात भी उन्होंने कही।
नदियों को प्राकृतिक रूप से बहने देने की बात
अखिलेश यादव ने कहा कि नदियों को गहरा करने से वे अविरल यानी बिना किसी रुकावट के प्राकृतिक रूप से बह सकेंगी। उनके अनुसार, नदियों के अंदर के जीव-जंतु और इकोसिस्टम से नदियां स्वयं निर्मल हो सकेंगी।
लखनऊ समेत बड़े शहरों की स्थिति पर टिप्पणी
श्री यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े अन्य शहर, सभी जगह हाल-बेहाल है। उन्होंने कहा कि गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी है। विशेष रूप से नदी के किनारे बसे और नदीय अर्थव्यवस्था पर आधारित लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
भाजपा सरकार पर तीखा तंज
अखिलेश यादव ने कहा, "ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की आँख का पानी भी बहकर जलराशि को बढ़ा रहा है।" उन्होंने कहा, "भाजपा जाएगी, नदी जीवन पाएगी।"
यह भी पढ़ें: लखनऊ में विश्वकर्मा नारी शक्ति संगठन ने आयोजित किया भव्य विश्वकर्मा पूजन समारोह