अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- PDA का उत्पीड़न रुकने वाला नहीं
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की BJP सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। 7 अक्टूबर को जारी बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में PDA—पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी वर्ग—के खिलाफ उत्पीड़न और अन्याय बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कथित बयान को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि BJP के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए मुद्दों की कमी है। सपा प्रमुख ने 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP के प्रदर्शन का भी जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री के बयानों पर सवाल उठाए।
5 सेकंड की स्वीकारोक्ति पर अखिलेश का हमला
सपा अध्यक्ष ने कहा कि PDA को धमकी देती 5 सेकंड की ये स्वीकारोक्ति PDA का दमन करने वाले भाजपाइयों को 5 दशक क्या 5 सदियों और 5 जन्मों तक सिर उठाकर आँख मिलाने लायक नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को हर समय PDA-ही-PDA दिखाई देता है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि 108 मनकों पर PDA लिखवाकर उसकी माला बनाकर PDA का जाप करना चाहिए, जिससे कम-से-कम उनके कुछ पाप तो कम होंगे।
2024 के चुनाव नतीजों को लेकर भी टिप्पणी
अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के चुनाव की हार की वजह से संतुलन बिगड़ गया है, इसलिए ऐसे असंतुलित बयान आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा के पास अपनी बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा, “उपलब्धि के स्तर पर भाजपा दिवालिया है।” अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि जनता चढ़ावा चोरों की बात सुनने के मूड में नहीं है।
यह भी पढ़ें: कॉमन सेंस मीडिया की स्टडी में ChatGPT टीनएजर्स के लिए अस्वीकार्य जोखिम, सुरक्षा फीचर्स पर उठे सवाल