पीलीभीत में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
पीलीभीत: जिले में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 से 30 अक्टूबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 अक्टूबर को तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन और किसानों से सतर्क रहने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी ने बताया कि प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ, भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 27 अक्टूबर को जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
पीलीभीत में 30-31 अक्टूबर तक मौसम का अलर्ट
उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे से 31 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे तक पीलीभीत जनपद को विशेष रूप से अलर्ट वाले जिलों में शामिल किया गया है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना अधिक है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान और गरज-चमक के दौरान पक्के मकान या सुरक्षित भवन के अंदर रहें। खिड़की-दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। पेड़ों, बिजली व टेलीफोन के खंभों, होर्डिंग और कमजोर दीवारों के पास आश्रय न लें। खुले मैदान, जलस्रोतों और ऊंचे स्थानों से दूर रहें। बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
मौसम अलर्ट के बीच किसानों को सलाह
मौसम की चेतावनी को देखते हुए किसानों से पकी हुई धान की फसल की कटाई यथासंभव शीघ्र करने की अपील की गई है। कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में गिरी फसल के बंडल बांधने की सलाह दी गई है। कृषि मंडी और खलिहान में खुले में रखे अनाज को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर भंडारित करने और पशुओं को खुले में न छोड़े बल्कि सुरक्षित स्थान पर बांधक़र रखने को कहा गया है। प्रशासन ने मौसम की जानकारी के लिए मौसम सचेत और दामिन ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें- चंदौली में 11 दिवसीय रासलीला का आयोजन, वृंदावन के कलाकारों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन