प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में चौदह मार्च को रैली, सबकी नजर उनके संबोधन पर
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले चौदह मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में रैली होने जा रही है। वे ऐसे समय यहां आ रहे हैं जब पेट्रोल और रसोई गैस की किल्लत से घर-घर में परेशानी है। ऐसे में आम लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रधानमंत्री मोदी अपने संबोधन में क्या कहेंगे।
मंच और सभास्थल की तैयारी पूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मंच और सभास्थल की तैयारी हर तरह से पूरी कर ली गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद शमिक भट्टाचार्य ने बने मंच और की गई तमाम व्यवस्थाओं का मुआयना किया।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर की तर्ज पर बना मंच
दक्षिणेश्वर के काली मंदिर के तर्ज पर प्रधानमंत्री के मंच का निर्माण किया गया है। मंच पर ऐसी चित्रकारी और सजावट की गई है जिससे पश्चिम बंगाल की संस्कृति और परंपरा का बोध हो। कूचबिहार के राजमहल, बांकुड़ा के टेराकोटा के घोड़े और उत्तर बंगाल के जंगलों की चित्रकारी और सजावट को भी उभारा गया है।
17 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 17 हजार करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वे बंदरगाह के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और रेलवे की नई ट्रेनों व परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे रैली को संबोधित करेंगे।
परिवर्तन रथ यात्रा का ब्रिगेड मैदान में समापन
भाजपा ने मार्च की शुरुआत से ही पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र से परिवर्तन रथ यात्रा निकाली है। सभी जगहों से निकलकर यह यात्रा ब्रिगेड मैदान में समाप्त होगी और रैली में तब्दील हो जाएगी।
भाजपा ने रैली को बताया ऐतिहासिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह रैली ऐतिहासिक होगी। रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए गए संदेश को भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाएंगे और परिवर्तन होकर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की सरकार और पार्टी का सफाया हो जाएगा।
यह भी पढ़े: लखनऊवासियों को ग्रीन कॉरिडोर का तोहफा
https://www.primenewsnetwork.in/state/lucknow-to-get-green-corridor-special-gift/148936