राज्य का चहुंमुखी विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताः योगी
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारा परिवार है। प्रदेश सरकार द्वारा अन्तिम पायदान पर खड़े समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक जरुरतमन्द तक आवश्यक सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास पर मंत्रिमण्डल के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य का चहुंँमुखी विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मंत्रिगण प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लेते रहें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्रत्येक मुद्दे पर विचार-विमर्श करते हुए गांवां तथा कस्बों में विद्यालयों, अस्पतालों आदि की स्थिति और वहां प्रदान की जा रही जनसुविधाओं की पड़ताल करें। प्रत्येक जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद बनायें। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत रोड कटिंग से जुड़े मामलों का तय समय में निस्तारण किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनीफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे आदि प्रदान कर रही है। मंत्रिगण इन स्कूलों में जाकर अभिभावकों के साथ बैठक करें। बच्चों के रिपोर्ट कार्ड देखते हुए स्कूलों में प्रदान की जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें।
12 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम महाअभियान संचालित होगा
आगामी 12 जुलाई को प्रदेश में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान संचालित किया जाएगा। इस महाअभियान में प्रातः 07 बजे से सायंकाल तक कुल 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। इनमें वन विभाग 15.5 करोड़, ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.5 करोड़, पंचायतीराज विभाग 1.22 करोड़ तथा राजस्व विभाग द्वारा 01 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग इस महाअभियान का नोडल विभाग रहेगा। पौधरोपण के लिए फलदार, छायादार, औषधीय तथा इमारती लकड़ियों के पौधे प्रयोग किये जाएंगे। इस वृक्षारोपण महाअभियान के पश्चात प्रदेश 275 करोड़ पौधे रोपित करने का रिकार्ड बनाने जा रहा है। सभी विभाग वृक्षारोपण महाअभियान से पूर्व अपने-अपने विभाग की बैठक तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करें। प्रत्येक घण्टे में कितने पौधे रोपे गये, इसका विवरण विभागीय एप पर अपलोड किया जाए। लोगों को पौधे कैसे रोपित किये जाने हैं, इस सम्बन्ध में वीडियो प्रसारित करते हुए लोगों को जागरूक किया जाए। इस महाअभियान में औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संस्थानों की सी0एस0आर0 मद का उपयोग किया जा सकता है।
आधी आबादी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से प्रदेश की आधी आबादी राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही है। जनपद सिद्धार्थनगर की एक महिला उद्यमी ने मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का लाभ उठाकर 02 वर्षां में 06 लाख रुपये की आमदनी प्राप्त की है। वह अन्य महिलाओं के लिए मिसाल बनी हैं। कोविड कालखण्ड में आशा वर्करों ने अच्छा कार्य किया है, उनका मानदेय बढ़ाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ेंः योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: गोरखपुर-मुरादाबाद में ESIC अस्पताल, वाराणसी में मेडिकल कॉलेज को मंजूरी