बरेली में किन्नर के संपर्क में रहने वाले युवक का प्राइवेट पार्ट काटने का आरोप
बरेली (उत्तर प्रदेश)। फरीदपुर क्षेत्र में किन्नरों के संपर्क में रहने वाले एक मुस्लिम युवक का प्राइवेट पार्ट काटे जाने का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होने पर परिजन युवक को लेकर थाने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
युवक के रहन-सहन और पहनावे में बदलाव
पुलिस के अनुसार, युवक पिछले करीब दो वर्षों से फरीदपुर क्षेत्र के एक किन्नर के संपर्क में था। परिजनों का कहना है कि इस दौरान युवक के रहन-सहन और पहनावे में बदलाव आने लगा था। वह लंबे बाल रखने के साथ ही लड़कियों जैसे कपड़े पहनने लगा था। आरोप है कि बृहस्पतिवार को किन्नरों ने युवक का प्राइवेट पार्ट काट दिया। घटना के बाद उसके घाव पर टांके भी लगा दिए गए।
बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर
जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे युवक को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने चोट की पुष्टि करते हुए दोबारा टांके लगाए और बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी के चिकित्सकों के मुताबिक, युवक को अस्पताल लाने से करीब चार से पांच घंटे पहले चोट पहुंचाई गई थी। घाव की स्थिति देखकर चिकित्सकों ने किसी विशेषज्ञ द्वारा सर्जरी किए जाने की आशंका जताई।
जबरन किन्नर बनाने का आरोप
वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि युवक अपने साथ जबरदस्ती किए जाने की बात से इनकार कर रहा है। दूसरी ओर, परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे जबरन किन्नर बनाने के इरादे से यह घटना की गई। पुलिस युवक और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर दी पुष्पांजलि