खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय परिसर में आबकारी विभाग के

सरकारी दफ्तर में शराब सेवन का आरोप, वीडियो से हलचल

Allegation of alcohol consumption in government office; video sparks a stir

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय परिसर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। जिला आबकारी कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों का ड्यूटी के दौरान कथित शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वीडियो में दो कर्मचारी कार्यालय परिसर में ही शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद अब सभी की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

कार्यालय परिसर में शराब सेवन का आरोप

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित जिला आबकारी कार्यालय से वायरल हुए वीडियो में सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव कथित रूप से शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना कार्यालय समय के दौरान की है, जिससे सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्य संस्कृति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

आबकारी विभाग पर उठे बड़े सवाल

विडंबना यह है कि जिस विभाग की जिम्मेदारी शराब के नियमन और आबकारी कानूनों के पालन की है, उसी विभाग के कर्मचारियों पर कार्यालय परिसर में शराब सेवन के आरोप लगे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद काफी विवाद हुआ था। अब एक बार फिर सरकारी कार्यालय से सामने आए इस वीडियो ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच और कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल है। हालांकि इस मामले में अभी तक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है। (नोट: यह खबर वायरल वीडियो के आधार पर है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष आना शेष है।) 

यह भी पढ़ें: निर्माणाधीन दीवार बनी मौत का कारण, महिला की मौत