शिवपुरी के शासकीय पीजी कॉलेज में LLB छात्र दिलीप ज

शिवपुरी PG कॉलेज में LLB छात्र से मारपीट का आरोप, प्रोफेसरों पर करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप

PG कॉलेज में LLB छात्र से मारपीट का आरोप

शिवपुरी: शहर के शासकीय पीजी कॉलेज से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कानून की पढ़ाई कर रहे LLB के छात्र दिलीप जाटव ने कॉलेज की लाइब्रेरी में जातिसूचक गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र का आरोप है कि उसके साथ हुई घटना के बाद जब वह शिकायत लेकर थाना फिजिकल पहुंचा तो वहां भी उसे राहत मिलने के बजाय कथित तौर पर क्रॉस केस में फंसाने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई। इस मामले को लेकर छात्र ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। 

छात्र ने मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का लगाया आरोप

उसने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने और कॉलेज सहित थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। पीड़ित छात्र दिलीप जाटव के अनुसार, शासकीय पीजी कॉलेज की लाइब्रेरी में उसके साथ विवाद हुआ। छात्र का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर बेल्ट से मारपीट की गई। छात्र ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके सम्मान को ठेस पहुंचाई गई और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र के साथ शैक्षणिक संस्थान के भीतर इस तरह की घटना के आरोप सामने आने के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा और विद्यार्थियों के सम्मान को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

थाने में क्रॉस केस और करियर बर्बाद करने की धमकी का आरोप

दिलीप जाटव का आरोप है कि घटना के बाद वह अपनी शिकायत दर्ज कराने थाना फिजिकल पहुंचा था, लेकिन वहां भी उसे कथित रूप से दबाव का सामना करना पड़ा। छात्र का दावा है कि कुछ प्रोफेसरों ने उसे क्रॉस केस में फंसाने और उसका भविष्य और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। अगर छात्र द्वारा लगाए गए ये आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो मामला और भी गंभीर हो सकता है, क्योंकि किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी बात पुलिस के सामने रखने और कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है।

ये भी पढ़ें- डिंपल यादव ने उठाए रोजगार और महिला सुरक्षा के मुद्दे, 2027 चुनाव पर किया बड़ा ऐलान