डीडवाना में युवक को घर से उठाकर मारपीट का आरोप, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
डीडवाना: डीडवाना जिले के मौलासर थाना क्षेत्र के भदलिया गांव निवासी दलित समाज के एक युवक को जबरन घर से उठाकर ले जाने ओर उसके साथ लाठियों व सरियों से गंभीर रूप से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक की इतनी निर्ममता से पिटाई की कि उसके शरीर पर चोट के गहरे लाल व काले निशान पड़ गए। यही नहीं उसे जान से मारने की भी धमकी दी। इस संबंध में पीड़ित युवक ने मौलासर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अपहरण कर मारपीट और जान से मारने का प्रयास
जानकारी के अनुसार, मामला 18 सितंबर की रात का बताया जा रहा है। भदलिया निवासी रणबीर मेघवाल ने मौलासर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि रात करीब 9 बजे जितेंद्र मारण, विक्की और रामपाल घोटिया कार से उसके घर पहुंचे और उसे कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे भदलिया तालाब के पास ले जाकर सरियों और लाठियों से मारपीट की। रिपोर्ट में गाली-गलौज करने, गले में फंदा डालकर जान से मारने की कोशिश करने और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं। पीड़ित के दाहिनी आंख के नीचे भी चोट लगी है।
रातभर प्रताड़ना और सुबह मोहल्ले में छोड़ा
रणबीर का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे कार में डालकर एक अन्य तलाई पर ले गए, जहां रातभर उसके साथ मारपीट की गई। सुबह करीब 4 बजे उसे उसके मोहल्ले में कार से गिराकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौलासर पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच डीडवाना वृताधिकारी उमेश गुप्ता को सौंपी गई है।
रणबीर के शरीर पर चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, रणबीर के शरीर का प्रारंभिक निरीक्षण किया गया, जिसमें दोनों कूल्हों पर चोट के गहरे नीले निशान, दाहिनी आंख के नीचे खरोंच और पैर में दर्द व सूजन पाई गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल मुआयना अलग से कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- 2027 से पहले रायबरेली में बीजेपी का संगठन पर फोकस, नीरज सिंह बने जिला प्रभारी