तिरंगा यात्रा में तिरंगे के अपमान का आरोप, पैर के नीचे आया राष्ट्रध्वज
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रध्वज के कथित अपमान का मामला सामने आने से जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कचेहरी रोड पर तिरंगा यात्रा के दौरान एक थार वाहन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि वाहन के बोनट पर तिरंगा लगाया गया था और यात्रा के दौरान वही तिरंगा पैरों के नीचे आता हुआ दिखाई दिया।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पूरे घटनाक्रम का वीडियो कैमरे में कैद होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और राष्ट्रध्वज की गरिमा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। तिरंगा महज कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे में यदि वीडियो में दिखाई दे रहा घटनाक्रम जांच में सही पाया जाता है तो यह बेहद गंभीर मामला माना जाएगा।
वायरल वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल
वीडियो सामने आने के बाद अब निगाहें पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिक गई हैं। आखिर तिरंगा वाहन तक कैसे पहुंचा? यात्रा के दौरान उसकी निगरानी क्यों नहीं हुई? क्या पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी?
वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रशासन से मांग उठ रही है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए। यदि तिरंगे के अपमान की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को स्पष्ट संदेश मिल सके। फिलहाल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ेंः नौकरी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार