अंबेडकरनगर के जलालपुर शिक्षा खंड के एक विद्यालय मे

अंबेडकरनगर: स्कूल में कक्षा छह की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी प्रधानाध्यापक निलंबित

मालीपुर थाना; अंबेडकर नगर

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जलालपुर शिक्षा खंड के एक विद्यालय में कक्षा छह की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार दूबे पर छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद गुरुवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घर पहुंचते ही परिजनों को बताई आपबीती

मामला 10 अक्टूबर का बताया जा रहा है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा छह की छात्रा के साथ प्रधानाध्यापक ने छेड़छाड़ की। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटी की बात सुनकर परिजन परेशान हो गए। इसके बाद छात्रा की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बीएसए ने आरोपी प्रधानाध्यापक को किया निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने आरोपी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार दूबे को निलंबित कर दिया। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर, कटेहरी और टांडा की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पांच दिन बाद जागी पुलिस, गिरफ्तारी के लिए दबिश

उधर, मालीपुर पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर जांच के बाद गुरुवार को आरोपी शिक्षक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष तनुज पाल के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी पर सवाल

नाबालिग छात्रा से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करने में पांच दिन लगने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। पुलिस की कार्रवाई और विभागीय जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।  

यह भी पढें: वाराणसी: अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी राजू खान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार