एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस वाहन पलट जाने से द

40 फीट गहरे नाले में जा गिरी तेज रफ्तार एंबुलेंस, बछड़े की दर्दनाक मौत, दो घायल

Ambulance Falls Into 40-Foot Drain, Calf Dies, Two Injured

नरसिंहपुर {मध्य प्रदेश}: एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस वाहन पलट जाने से दो युवक घायल हो गए, जबकि एक बछड़े की जोरदार टक्कर लगने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बछड़े को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, गोटेगांव थाना क्षेत्र में स्थित बायपास मार्ग पर झौतेश्वर चौराहा से लाठगांव चौराहा की ओर एक प्राइवेट एंबुलेंस वाहन तेज रफ्तार से जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े एक बछड़े को जोरदार टक्कर मारते हुए लगभग 40 फीट गहरे बरसाती नाले में जाकर पलट गया।

एंबुलेंस में फंसे दो युवक, स्थानीय लोगों ने निकाला

वाहन में सवार दो युवक एंबुलेंस में फंस गए, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। वहीं, घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। जब इस घटना की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का हाल-चाल जानने के साथ आगे की जांच कार्रवाई शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार पर उठाए सवाल

वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन काफी तेज रफ्तार में था। यदि कोई व्यक्ति या वाहन सामने आ जाता तो संभवतः बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस समय कोई व्यक्ति या वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हूटर और तेज रफ्तार को लेकर चिंता

गौरतलब हो कि जिले के किसी भी हिस्से में जब कोई घटना या दुर्घटना होती है तो प्राइवेट एंबुलेंस वाहन के चालक वाहनों में लगे हुए हूटर (सायरन) तेजी से बजाते हुए बड़ी रफ्तार के साथ गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इसी तरह की तेज रफ्तार इन वाहनों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन जाती है।

ये भी पढ़ें: संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, दोस्तों पर हत्या का आरोप