अमेठी में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, दो महिलाएं घायल
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर-लंभुआ मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों में एक किशोरी की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
दोनों बाइकों की हुई आमने-सामने जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार अयोध्या जनपद के भिलासीगंज निवासी प्रिंस कुमार (22) अपनी बुआ दीक्षा कसौंधन (25) और राधा (14) को बाइक से लेकर लंभुआ से दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। वहीं कनौरा गांव निवासी राहुल वर्मा (25) अपनी बाइक से दुर्गापुर बाजार से घर लौट रहे थे। मंगलवार रात दुर्गापुर बाजार के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे में राहुल, प्रिंस, दीक्षा और राधा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल वर्मा और प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं राधा की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया, जबकि दीक्षा का उपचार जिला अस्पताल सुल्तानपुर में चल रहा है।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर अरुण मिश्र ने बताया कि मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर चोट लगने के कारण दोनों युवकों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के दौरान शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों युवकों की मौत हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें: मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पत्नी की मौत, पति सहित एक अन्य महिला घायल