अमेठी में मेडिकल स्टोरों पर कथित तौर पर बिना अनुमत

अमेठी में मेडिकल स्टोर की आड़ में इलाज का आरोप, प्रशासन ने जांच और छापेमारी की तैयारी की

Amethi Cracks Down on Medical Stores Allegedly Operating as Unauthorised Clinics

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में मेडिकल स्टोर के लाइसेंस की आड़ में मरीजों के इलाज का खेल चलने की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। आरोप है कि कई स्थानों पर मेडिकल स्टोर संचालक चिकित्सकों को बुलाकर मरीजों को दिखाने की व्यवस्था कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर कस्बों तक कुछ मेडिकल स्टोरों पर निर्धारित समय पर डॉक्टरों के बैठने और मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। अब प्रशासन ने ऐसे मेडिकल स्टोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है।

जिले में करीब 1400 मेडिकल स्टोर पंजीकृत

अमेठी जिले में करीब 1400 मेडिकल स्टोर पंजीकृत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोरों पर झोलाछाप के इलाज करने अथवा चिकित्सकों के बैठने की शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई मेडिकल स्टोरों पर प्रतिदिन निर्धारित समय पर डॉक्टर पहुंचते हैं और मरीजों को देखने के बाद वहीं से दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

मेडिकल स्टोरों का संचालन क्लीनिक की तरह

शिकायतों के मुताबिक कुछ स्थानों पर मेडिकल स्टोरों का संचालन दवा बिक्री तक सीमित न रहकर क्लीनिक की तरह किया जा रहा है। मरीजों की जांच, परामर्श और दवाओं की बिक्री एक ही स्थान पर होने से इन संस्थानों के संचालन के मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, इस पूरी व्यवस्था पर औषधि विभाग की निगरानी और कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

शिकायतों की जांच के लिए संयुक्त टीम गठित

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम संजय चौहान ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि मेडिकल स्टोरों पर चिकित्सकों के बैठने और बिना अनुमति मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायतें गंभीर हैं। इन शिकायतों की जांच के लिए सीएमओ, औषधि निरीक्षक (डीआई) और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी कराई जाएगी।

संबंधित के खिलाफ नियमानुसार होगी कार्रवाई

बताया गया कि पिछले दो दिनों तक सीएमओ के नेतृत्व में जिले में कार्रवाई की गई है। प्रशासन अब इस अभियान को और तेज करने की तैयारी में है। जांच के दौरान यदि किसी मेडिकल स्टोर पर नियमों का उल्लंघन अथवा बिना वैध अनुमति चिकित्सा सेवाएं संचालित करना पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः डिंडौरी में ओवरलोड वाहन से छात्रों की जान जोखिम में, कार्रवाई पर उठे सवाल