अमेठी के गौरीगंज में ब्लॉक गेट के सामने चलती डस्टर

अमेठी में चलती डस्टर कार में लगी भीषण आग, सवारों ने कूदकर बचाई जान

Amethi: Duster Car Catches Fire While Moving, Occupants Escape Safely

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। गौरीगंज कस्बे में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ब्लॉक गेट के सामने चलती डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

दोनों तरफ बैरियर लगाकर आवागमन रोका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डस्टर कार ब्लॉक गेट के सामने पहुंची थी, तभी उससे अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों तरफ बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया।

दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया

नगर पालिका के वाटर टैंकर से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक कार धू-धूकर जलती रही।

भाजपा के सह मीडिया प्रभारी अरुण मिश्र की कार

बताया जा रहा है, कि कार संख्या HR 26 BU 8999 भाजपा के सह मीडिया प्रभारी अरुण मिश्र की है। वह मुसाफिरखाना के रहने वाले हैं और गौरीगंज में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने आए थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ब्रेक शू जाम होने को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जली कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू

घटना एसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर होने के कारण पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने जली कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर कोतवाली प्रभारी रवि सिंह, यातायात प्रभारी शोभनाथ सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें: इटावा में रिश्ते शर्मसार, पिता की मौत के बाद बेटे ने पहचानने से किया इनकार