अमेठी में 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' का बड़ा एक्शन, सोलर प्लांट से तार चुराने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 22 बंडल कीमती तार, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पिकअप और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने पुलिस ऑफिस सभागार में मामले का खुलासा किया।
सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी के आरोप में सात गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जिले में सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी करने की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों को 10 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पिकअप संख्या UP44CT9539 के साथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेमलाल निषाद, अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ने, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद के रूप में हुई है। सभी आरोपी अमेठी और सुलतानपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
सोलर प्लांट से तार चोरी कर 80 हजार रुपये में बेचे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने नेवादा स्थित सोलर प्लांट से तार चोरी करने की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। आरोपियों ने पहले प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और वहां पहुंचने के रास्तों की जानकारी जुटाई। इसके बाद 29 सितंबर की रात तार चोरी किए। चोरी किए गए तारों का प्लास्टिक जलाकर तांबा निकाला गया और उसे कबाड़ी को 80 हजार रुपये में बेच दिया गया।
दोबारा चोरी की तैयारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
आरोप है कि 2 अक्टूबर को आरोपियों ने दोबारा सोलर प्लांट से तार चोरी किए और उन्हें खेत में छिपा दिया। 10 अक्टूबर को वे फिर चोरी करने के इरादे से एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मार्च महीने में जामो थाना क्षेत्र के जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार भी चोरी किए थे।
पिकअप, तार कटर समेत चोरी के उपकरण बरामद
इस घटना में ट्रांसफार्मर का तेल मौके पर गिर गया था। चोरी किए गए तारों को आरोपियों ने 27 हजार रुपये में कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 बंडल तार और 80 हजार रुपये नकद के अलावा चोरी में इस्तेमाल पिकअप, प्लास, तार कटर, आरी ब्लेड, पेचकस, छेनी और रिंच सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग के समर्थन में युवा परिषद, CJP के खिलाफ वाराणसी में निकाला मार्च