अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई, 18 मुकदमों वाले आरोपी को पकड़ा
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत संग्रामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संग्रामपुर और अमेठी थानों में चोरी, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ का अभियान
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 16 अगस्त को संग्रामपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आशीष दूबे पुत्र राजाराम दूबे, निवासी गड़ेरी, थाना संग्रामपुर, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में थाना संग्रामपुर में मु0अ0सं0 155/26 के तहत धारा 9/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ 18 मुकदमों का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 से 2026 तक अलग-अलग मामलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, मारपीट, आबकारी अधिनियम, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी टीम में पुलिसकर्मी रहे शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजय सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, कांस्टेबल विजय पाल, हरवेन्द्र सिंह, अनुराग अवस्थी और अनुज कुमार शामिल रहे।
यह भी पढ़े: नरसिंहपुर में वन विभाग की कार्रवाई, सागौन लकड़ी से भरी बाइक छोड़कर भागे तस्कर