अमेठी पुलिस ने शातिर चेन स्नैचर सत्येंद्र निषाद उर

अमेठी में शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, 131 से अधिक वारदातों का खुलासा

Amethi Police Arrest Chain Snatcher Linked to Over 131 Robberies

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। अमेठी पुलिस ने प्रदेश के कई जिलों में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चेन स्नैचर सत्येंद्र निषाद उर्फ कालिया और उसके साथी गगनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सत्येंद्र वर्ष 2010 से चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा है और अब तक 131 से अधिक वारदातें कर चुका है। उसके खिलाफ अब तक 39 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है, जबकि कुल 56 मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आई है।

500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचा

मामला कमरौली थाना क्षेत्र की यूपीएसआईडीसी कॉलोनी का है, जहां 13 अगस्त को एक महिला के गले से चेन लूट ली गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने अमेठी से लेकर अयोध्या तक 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध कई स्थानों पर दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

लूटी गई चेन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

पुलिस ने सत्येंद्र के साथ उसके साथी गगनप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

लखनऊ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, कई गंभीर मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार सत्येंद्र निषाद उर्फ कालिया पुत्र मुनेश्वर लखनऊ के कनौसी, थाना मानक नगर का रहने वाला है, जबकि उसका साथी गगनप्रीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह लखनऊ के आर्य नगर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, कालिया पूर्व में एक बार बाराबंकी और तीन बार लखनऊ से जेल जा चुका है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी की संपत्ति की जांच, पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

पुलिस अब आरोपी की चल-अचल संपत्ति की भी जांच करेगी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। 

यह भी पढ़े:    भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 24 बोरी यूरिया के साथ एक तस्कर गिरफ्तार