अमेठी में कबाड़ कारोबारी की मौत का राज बरकरार, पोस्टमार्टम में न चोट के निशान मिले, न जलाने की पुष्टि
अमेठी {उत्तर प्रदेश}: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सोनारी कला गांव निवासी कबाड़ कारोबारी अनुज कुमार (24) की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद भी स्पष्ट नहीं हो सका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है।
न चोट के निशान मिले, न जलाने की पुष्टि
शनिवार को बहुलाहा गांव के पास नहर किनारे अनुज का शव मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को ज्वलनशील द्रव्य से जलाने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई थी। वीडियो निगरानी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की कोशिश किए जाने की पुष्टि भी नहीं हुई है।
कार्रवाई के भरोसे के बाद अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। शव घर पहुंचते ही मां गुड्डा देवी बिलख उठीं। भाई अंकित, पंकज और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बहन खुशी भी भाई की मौत से गम में डूबी रही। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
मामले में नामजद सौरभ शुक्ला और छेदी हरिजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अनुज की हत्या करने से इनकार किया है। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है।
पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की चर्चा
गांव में अनुज और सौरभ शुक्ला के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की चर्चा है। बताया जा रहा है कि 12 अगस्त को दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। समझौते से संबंधित पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस विवाद को अनुज की मौत का कारण होने की पुष्टि नहीं की है।
विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही अनुज की मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें: एमएससी छात्रा हत्याकांड में मुठभेड़, आरोपी पुनीत मिश्रा गिरफ्तार; पैर में लगी गोली