अमेठी: जिले के हथिकला टोला गांव में गुरुवार शाम एक

अमेठी में सूखे कुएं में मिला किराना व्यापारी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

shopkeeper found dead in dry well, murder suspected

अमेठी {उत्तर प्रदेश}: जिले के हथिकला टोला गांव में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव निवासी और किराना व्यापारी ननकऊ (70) का शव गांव के बाहर शिव मंदिर के पास स्थित एक सूखे कुएं में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हाथ-पैर बंधे होने का आरोप, हत्या की आशंका

परिजनों ने आरोप लगाया है कि ननकऊ की हत्या कर उनके हाथ-पैर बांधने के बाद शव को कुएं में फेंका गया। शव के हाथ-पैर बंधे होने की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। मृतक के बेटे भागीरथी ने बताया कि उनके पिता गांव में किराना की दुकान चलाते थे। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह दुकान से घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान शिव मंदिर के पास मवेशी चरा रहे एक चरवाहे ने कुएं में शव पड़ा देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

भागीरथी का कहना है कि जब शव को कुएं से निकाला गया तो उसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

ननकऊ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शिवमती का रो-रोकर बुरा हाल था। वह पति को पुकारते हुए कई बार बेसुध हो गईं। बेटे राम अचल, भागीरथी और प्रेमनाथ सहित अन्य परिजन उन्हें संभालने में लगे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव के पास सांपों के दो जोड़े मौजूद थे, जिससे शव निकालने में काफी दिक्कत हुई। रोशनी करने पर सांप दिखाई देने से कुछ देर तक राहत कार्य प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए रस्सी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: Bihar News: मिठाइयों के शौकीन हो जाएं सावधान, हो रहा आपकी जिंदगी से खिलवाड़