चारमीनार में पूजा के बाद अमित शाह की पदयात्रा, तेलंगाना में 'लोकतंत्र बचाओ' मार्च से कांग्रेस पर साधा निशाना
हैदराबाद (तेलंगाना)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को हैदराबाद स्थित ऐतिहासिक चारमीनार के पास भाग्य लक्ष्मी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के तहत पदयात्रा की कमान संभाली।
विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब देने की तैयारी
गृह मंत्री अमित शाह का यह हैदराबाद दौरा विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' द्वारा बनाए जा रहे राजनीतिक माहौल को नाकाम करने की रणनीति का हिस्सा है। तेलंगाना भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने बताया कि विपक्षी दलों के कथित झूठे प्रचार का पर्दाफाश करने के लिए यह राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का गठन तो भाजपा के सत्ता में आने से दशकों पहले ही हो चुका था।
टैंक बंड से अंबेडकर प्रतिमा तक निकलेगा मार्च
भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शन शहर के केंद्र टैंक बंड इलाके से शुरू हो रहा है। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा से शुरू होकर यह पदयात्रा डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा पर संपन्न होगी। पार्टी नेता गुडूरू नारायण रेड्डी के अनुसार, इस रैली का सीधा मकसद राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार की नीतियों का विरोध करना और उनके राजनीतिक अभियानों का मुंहतोड़ जवाब देना है।
निज़ाम कॉलेज से एम.जे. मार्केट तक भव्य स्वागत
पदयात्रा को लेकर तेलंगाना भाजपा ने व्यापक तैयारियां की हैं। निज़ाम कॉलेज से लेकर एम.जे. मार्केट तक पूरे मार्ग में बड़े-बड़े स्वागत बोर्ड और बैनर लगाए गए हैं। गृह मंत्री की इस सक्रियता से राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का राजनीतिक हमला और तेज होने की उम्मीद है। (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: 1984 दंगे की बरसी पर कांग्रेस की रैली पर भड़के अमित शाह, राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला