अमित शाह बोले- विकसित भारत का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड, 1475 करोड़ की 62 विकास परियोजनाओं की सौगात
देहरादून (उत्तराखंड)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी 1475 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने उत्तराखंड फिल्म नीति के तहत घोषित लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी प्रदान किया। इसके साथ ही विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और बच्चों को मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विकसित भारत की यात्रा का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड
भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के साथ संबोधन की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान बदरीविशाल, बाबा केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब और हरिद्वार की पावन धरती पर आने का अवसर मिला है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण कर आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड को संवारने का काम कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखंड होने जा रहा है। उन्होंने राज्योत्सव को गौरव, सिद्धि और संकल्प के रूप में मनाने की बात कही। गौरव राज्य निर्माण का, सिद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की और संकल्प सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यावरण संरक्षण का है।
उत्तराखंड के शौर्य और वीरता की परंपरा का किया उल्लेख
अमित शाह ने कहा कि शौर्य उत्तराखंड के लोगों की पहचान रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी से वीरांगना तीलू रौतेली, वीर माधो सिंह भंडारी, विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली तथा जनरल बिपिन रावत के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
2022 की तुलना में उत्तराखंड की GSDP में 50 प्रतिशत वृद्धि
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड की विकास यात्रा में तेजी आई है। वर्ष 2022 की तुलना में राज्य की GSDP में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास में योगदान देने वाली हर विभूति और व्यक्ति के योगदान का सम्मान कर रही है।
उन्होंने वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का जिक्र करते हुए बताया कि इस दौरान राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। औद्योगिक विकास की चुनौतियों के बावजूद उत्तराखंड ने कम समय में यह उपलब्धि हासिल की है।
UCC लागू करने में उत्तराखंड बना देश का पहला राज्य
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने इसे धरातल पर लागू किया है। उन्होंने कहा कि इससे न कोई चार शादियां कर पाएगा और न ही तीन तलाक दे पाएगा। उनके मुताबिक, अब देश के 15 राज्य भी अपने यहां समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में लागू सख्त नकल विरोधी कानून की भी सराहना की। गृह मंत्री ने कहा कि इस कानून के लागू होने से दोषियों को सजा दिलाने में आसानी हुई है। इसके बाद प्रदेश में बिना किसी सिफारिश और अतिरिक्त खर्च के 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून को भी राज्य का महत्वपूर्ण कदम बताया।
एक्सप्रेसवे, रेललाइन और रोपवे परियोजनाओं से बढ़ेगा विकास
गृह मंत्री ने उत्तराखंड में चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन और टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन राज्य के विकास को नई दिशा दे रही हैं।
इसके अलावा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे तथा सौंग, जमरानी और किसाऊ बांध जैसी परियोजनाओं को भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास की नई गाथा लिखने वाली परियोजनाएं बताया।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों की सराहना
अमित शाह ने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में लखपति दीदियों की संख्या तीन लाख से अधिक हो चुकी है और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों होम स्टे संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही सीमांत क्षेत्रों के 51 गांवों को वाइब्रेंट विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान का भी किया उल्लेख
गृह मंत्री ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी और भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य में विकास की नींव रखी। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने अपने कार्यकाल में विकास का रोडमैप तैयार किया। इसके बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाया।
सीमांत क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क और सुरक्षा पर दिया जोर
अमित शाह ने कहा कि पहले की सरकारों ने चीन के डर से उत्तराखंड का विकास बाधित किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सीमांत क्षेत्रों तक सड़कों का जाल बिछाया है। उन्होंने कहा कि अब किसी की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह भारत की सीमा में घुसने का प्रयास करे।
उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा करने वालों को इन कार्रवाइयों के माध्यम से सबक सिखाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी बधाई
अपने संबोधन के समापन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। उन्होंने राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: सुहाना खान के लिप-सिंक वीडियो पर शाहरुख खान ने ली चुटकी, मजेदार कमेंट ने खींचा फैंस का ध्यान