अमित शाह ने सीएम ममता बनर्जी पर साधा निशाना, कहा - 'घुसपैठियों को पाल-पोसकर वोट बैंक बनाने वालों को..'
Amit shah on SIR : गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा, बंगाल से ममता दीदी की सरकार हटने और बीजेपी सरकार आने के बाद बंगाल घुसपैठिया मुक्त होगा. घुसपैठियों को पाल-पोसकर वोट बैंक बनाने वालों को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से दर्द होता है. घुसपैठिए और एसआईआर के मुद्दे पर अमित शाह ने बिहार से सीएम ममता बनर्जी को घेरा है.
उन्होंने कहा कि पूरे देश में एसआईआर होना चाहिए और चुन-चुनकर घुसपैठियों को मतदाता सूची से डिलीट करना चाहिए.
"वहां पर 24 घंटे निगरानी भी संभव नहीं हो पाएगी"
विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, राहुल गांधी अब वोट चोरी बोलना भूल गए हैं. बिहार की जनता ने ही उन्हें भूला दिया है. शायद उन्हें अब ये सब नहीं बोलने की सलाह दी गई है. हमारे लोकतंत्र का मूल बात ही चुनाव है और चुनाव के अंदर मूल ईकाई वोटर लिस्ट और मतदाता है, जो देश का नागरिक नहीं है. वो कैसे देश का मतदाता बन सकता है?
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बॉर्डर कोई सीधा-सीधा रोड की तरह नहीं है. वहां बड़ी-बड़ी नदियां, नाले, घने जंगल, ऊंची पहाड़ों की चोटियां हैं. वहां पर 24 घंटे निगरानी भी संभव नहीं हो पाएगी. इन लोगों को लुटियन दिल्ली में बैठकर बात करना है. कभी बॉर्डर पर जाकर देखें तो मालूम पड़ेगा. घुसपैठिया घुसकर सबसे पहले तो किसी गांव में ही जाएगा. उस गांव के पटवारी को पता नहीं चलेगा कि गांव में इतने लोग कैसे आ गए, लेकिन बंगाल और झारखंड में इन घुसपैठियों को स्वागत किया जाता है.
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारे देश में मुख्यमंत्री कौन हो प्रधानमंत्री कौन हो ये विदेशी नागरिक तय करेगा क्या? चुनाव आयोग अगर एसआईआर करके वोटर लिस्ट से घुसपैठिए को निकालता है तो उनके पेट में दर्द क्यों हो रहा है? क्योंकि उन्होंने घुसपैठ होने दिया, वोट बैंक क्रिएट किया. जिसके आधार पर वो सत्ता पर काबिज रहे. हम चुनाव आयोग के इस फैसले का स्वागत करते हैं कि पूरे देश में एसआईआर होना चाहिए.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/without-consulting-the-state-government-cm-mamata/94557