अमित शाह का बंगाल में बड़ा एलान: घुसपैठियों को चुन-चुनकर करेंगे बाहर
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी के राजगंज में भाजपा की एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी छाती पीटती हैं तो पीटती रहें, भाजपा सरकार बनते ही पूरे बंगाल से बांग्लादेश के एक-एक घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। राज्य में समान नागरिक कानून लागू हो कर रहेगा। उत्तर बंगाल को तबाह करने वाले एक-एक गुडों और भ्रष्टों की खबर ली जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह-सुबह सोशल मीडिया पर बंगालवासियों को बांग्ला नववर्ष की शुभकामनाएं दी और अपनी पर्टी के चुनाव प्रचार में राजगंज, फाटाकाटा और तुफानगंज के लिए निकल पड़े।
भाजपा सरकार बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने के लिए प्रतिबद्ध
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजगंज की चुनावी सभा में कहा कि भाजपा सरकार बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उत्तर बंगाल को पिछड़ा बनाने के लिए टीएमसी सरकार को पूरी तरह जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर बंगाल के विकास के लिए पर्याप्त रुपए दिए लेकिन टीएमसी सिडिंकेट उन रुपयों को डकार लिया। कोई उद्योग धंधे लगे नहीं, चाय बागान संकट में है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सिडिकेट के भ्रष्टों से हड़पे गए रुपयों को वापस लिया जाएगा।
गोरखा समाधान, भाषाओं को मान्यता और रोजगार के बड़े वादे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गोरखा समस्याओं का संवैधानिक समाधान किया जाएगा। राजवंशी की भाषा कामतापुरी और आदिवासियों की भाषाओं को आठवीं सूची में शामिल किया जाएगा। चाय बागानों के मजदूरों को जमीन दी जाएगी। चार औद्योगिक शहर बसाएं जाएंगे। उन्होंने भाजपा के शपथ पत्र में की गई घोषणाओं को दोहराया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सुरक्षित रहेंगी। हर महीने तीन-तीन हजार रुपए महिलाओं और युवकों को उनके बैंक खाते में डाल दिए जाएंगे। विधवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधाएं दोगुनी कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/business/markets-rally-on-hopes-of-us-iran-de-escalation/174618