अमृतसर पुलिस ने किया आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 नाबालिगों समेत 9 गिरफ्तार
अमृतसर (पंजाब)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ISI समर्थित सीमा-पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अवैध हथियार, विस्फोटक सामग्री और गोला-बारूद के साथ 9 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। पंजाब पुलिस के मुताबिक, इस ऑपरेशन में आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, चार पेट्रोल बॉटल बम और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर हो रही थी साजिश
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहे थे। ये हैंडलर्स स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों में शामिल करने, सुरक्षा ठिकानों की निगरानी करने, अवैध हथियार जुटाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए भर्ती करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला है कि रेलवे ट्रैक के पास कथित तौर पर सर्विलांस कैमरे लगाए गए थे और उनका फुटेज विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ शेयर किया जा रहा था।
पंजाब पुलिस ने कई थानों में दर्ज की FIR
पंजाब पुलिस ने बताया कि अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन पुलिस थानों में FIR दर्ज की गई हैं। ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने, आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने, पैसों के लेन-देन की जांच करने और अन्य आतंकी गतिविधियों में किसी भी तरह की संलिप्तता की जांच करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि वह आतंकी नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब की सुरक्षा और संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अमृतसर एयरपोर्ट पर 31,500 डॉलर की विदेशी मुद्रा जब्त